यूएस ओपन 2019 के महिला एकल वर्ग में कनाडा की 19 साल की टेनिस प्लेयर बियांका एंड्रीस्कू ने जीत दर्ज की। ग्रैंड स्लैम का खिताब जीतने के लिए शनिवार रात को एंड्रीस्कू ने सेरेना को 6-3, 7-5 से मात दी है। एंड्रीस्कू ने शुरू से ही सेरेना पर दबाव बनाए रखा और अंत में खिताब अपने नाम करने में कामयाब रहीं।
यह किसी कनाडाई खिलाड़ी की पहली जीत है। बियांका ने सेरेना को 24वीं बार ग्रैंड स्लैम चैंपियन बनने से रोक दिया है। यूएस ओपन फाइनल में सेरेना विलियम्स की यह लगातार दूसरी हार है।
यूएस ओपन 2019 के फाइनल में इनको हराकर पहुंची थी बियांका
आपको बता दें कि कनाडा की मात्र 19 वर्षीय टेनिस प्लेयर बियांका एंड्रीस्कू ने एक बेहद कड़े मुकाबले में बेलिंडा बेनसिच को मात देकर यूएस ओपन 2019 के महिला एकल वर्ग के फाइनल में प्रवेश किया था।
एंड्रीस्कू ने दो सेट तक चले रोमांचक मुकाबले में स्विट्जरलैंड की बेनसिच को 7-6 (7-3), 7-5 से मात दी थी और फाइनल में प्रवेश किया किया।
मैच के बाद बियांका ने कहा
मैच के बाद बियांका ने स्थानीय खिलाड़ी सेरेना को हराने के लिए दर्शकों से माफी मांगी। बियांका ने मैच के बाद कहा, ‘मैं जानती हूं कि आप लोग सेरेना को उनका 7वां यूएस ओपन खिताब जीतते हुए देखने आए थे। इसलिए मैं आपसे माफी मांगती हूं।’
बियांका ने कहा, ‘मैंने सेरेना जैसी दिग्गज को रोकने की भरपूर कोशिश की और इस प्रयास में सफल रही। मैं इतिहास बनाना चाहती थी। मेरा सेरेना को इतिहास बनाने से रोकने का कोई इरादा नहीं था। मैं अपने सपने को जीना चाहती थी क्योंकि मैने हमेशा सेरेना के खिलाफ फाइनल खेलने का सपना देखा था। मैं हर दिन इस सपने को जीती थी और मेरा मानना है कि लगातार अपने सपने के पीछे भागने के कारण ही मैं इसे सच कर सकी।’
बगल में खड़ी सेरेना विलियम्स इस बात पर मुस्कुरा उठीं। क्योंकि वह जान रही थीं कि बियांका ने इतिहास रच दिया है। 19 साल की बियांका 2006 में अमेरिकी ओपन खिताब जीतने वाली रूस की मारिया शारापोवा के बाद ग्रैंड स्लैम जीतने वाली सबसे युवा खिलाड़ी बन गई हैं।
सेरेना विलियम्स को रिकॉर्ड के लिए करना होगा थोड़ा और इंतजार
37 साल की सेरेना को लगातार दूसरे साल फ्लशिंग मिडोज (अमेरिका ओपन) के फाइनल में हार मिली है। बीते साल जापान की नाओमी ओसाका ने उन्हें हराया था। अब सेरेना को सबसे अधिक 24 ग्रैंड स्लैम जीतने के मार्गरेट कोर्ट के रेकॉर्ड की बराबरी करने के लिए जनवरी में होने वाले साल के पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन तक का इंतजार करना होगा।
