हितेश पंत (नई दिल्ली).
रेल में सफर करने वाले आम लोगों को एक खास तोहफा दिया गया है। रेलवे की जनरल श्रेणी में सफर करने वालों को अब टिकट काउंटर की लंबी लाइन से निजात मिल जाएगी। रेलवे ने सामान्य श्रेणी के टिकट की बिक्री के लिए एक मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। यात्री इस ऐप से ट्रेन से संबंधित जानकारी लेने के साथ जनरल टिकट ले सकते हैं।
रेल सूचना प्रणाली केंद्र (सीआरआईएस) ने जनरल टिकट बुक करने के लिए ‘अटसनमोबाइल’ नाम से ऐप्लीकेशन तैयार किया है। इस ऐप से यात्री टिकट बुक करने, टिकट रद्द करने के अलावा प्लेटफॉर्म टिकट की सुविधा भी मिलेंगी। रेलवे का आरक्षित टिकटों की बुकिंग के लिए तो ऐप्लीकेशन पहले से उपलब्ध है, लेकिन जनरल टिकट की बिक्री के लिए ये पहला ऐप्लीकेशन है।
स्मार्टफोन यूजर्स ‘अटसनमोबाइल’ ऐप को गूगल प्ले स्टोर या विंडोज स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। ऐप डाउनलोड के लिए किसी तरह का शुल्क नहीं देना होगा। डाउनलोड करने के बाद यात्री को अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर और अन्य जरूरी जानकारी देने के साथ अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद यूजर का एक रेल वॉलेट (आर-वॉलेट) बन जाएगा। इस वॉलेट के लिए को अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा।
आर-वॉलेट से ही यूजर टिकट का भुगतान करेगा। आर वॉलेट को यूटीएस काउंटर या ऑनलाइन भुगतान के तरीकों से रिचार्ज किया जा सकेगा। टिकट बुक करते वक्त इसी वॉलेट से बैलेंस कट जाएगा। इस ऐप से सिर्फ वर्तमान दिन का टिकट लिया जा सकता है। आगे के दिनों के लिए टिकट लेने की अनुमति इसमें नहीं होगी।
आरक्षित श्रेणी के टिकट की तरह ही इससे लिए टिकट का प्रिंट लेने की जरूरत नहीं है। टीटीई द्वारा टिकट मांगने पर आप ऐप में बुकिंग हिस्ट्री में जाकर अपना टिकट दिखा सकते हैं। इस ऐप के बाद यात्रियों के साथ-साथ रेलवे को भी बड़ी सहुलियत होगी। स्टेशन के टिकट काउंटर में लगने वाली भीड़ की संख्या में कमी होगी।