हितेश पंत (नई दिल्ली)
दिल्ली विश्वविद्यालय में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। चुनिंदा ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन के साथ एमफिल और पीएचडी के लिए भी डीयू ने दाखिले से संबंधित तारीखों का ऐलान कर दिया है। ग्रेजुएट कोर्स के लिए मंगलवार शाम से ऑनलाइन आवेदन शुरू किए गए हैं। इसके अलावा प्रवेश परीक्षा के आधार पर होने वाले दाखिलों के लिए 17 से 21 जून तक लिखित परीक्षा आयोजित होगी।
दिल्ली विश्वविद्यालय में ग्रेजुएशन के 10 कोर्स, पोस्ट ग्रेजुएशन की 50 फीसदी सीटों और एमफिल व पीएचडी में प्रवेश के लिए लिखित परीक्षा के आधार एडमिशन दिया जाता है। दिल्ली विश्वविद्यालय से सामने आयी जानकारी के अनुसार इस सभी पाठ्यक्रमों के लिए लिखित परीक्षा 17 जून से 21 जून के बीच ली जाएगी।
दिल्ली विश्वविद्यालय में ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, एमफिल और पीएचडी के 156 कोर्स के लिए लिखित परीक्षा हो रही है। पांच दिनों तक चलने वाली ये प्रवेश परीक्षाएं ऑनलाइन होंगी। इसके लिए डीयू हर दिन 3 पालियों में परीक्षाएं कराएगा। पहली पाली में सुबह 8 से 10 बजे तक प्रवेश परीक्षा होगी। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 12 से 2 बजे तक और शाम की पाली की परीक्षाएं 4 से 6 बजे तक आयोजित होंगी।
इन परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड ऑनलाइन भेजे जाएंगे। छात्रों की ईमेल आईडी पर भी एडमिट कार्ड भेजे जाएंगे जिसकी जानकारी डीयू एसएमएस से देगा। छात्रों के पास डीयू की वेबसाइट से भी एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का ऑप्शन होगा। डीयू के पाठ्यक्रमों के लिए ऑब्जेक्टिव टाइप प्रवेश परीक्षा होगी। इन परीक्षाओं में छात्रों को 100 सवालों के जवाब देने होंगे।
इन कोर्स के प्रवेश में कोई धांधली हो इसके लिए डीयू दो दिन में ही छात्रों को आंसर की भेज देगा। छात्रों की ईमेल पर आंसर की के साथ उनके द्वारा दिए प्रश्नों के उत्तर भी भेजे जाएंगे। इससे छात्र खुद अपने नंबरों का अंदेशा लगा सकेंगे। डीयू इस सभी प्रवेश परीक्षाओं के परिणाम 10 जुलाई से पहले जारी कर देगा।