रविवार 16 जून को भारत–पाकिस्तान का मुकाबला देखने का इंतजार कर रहे क्रिकेट प्रेमियों के लिए मौसम के लिहाज से फिर खबर निराश करने वाली है। गुरुवार को करीब–करीब दिनभर मैनचेस्टर में बारिश होती रही। हालांकि, रफ्तार बहुत तेज नहीं थी लेकिन इसका असर काफी हुआ। बीबीसी ने अपनी वेदर रिपोर्ट में कहा है कि रविवार को भारत–पाकिस्तान मैच के दौरान बारिश हो सकती है। गुरुवार को भारत और न्यूजीलैंड का मैच भी बारिश की वजह से नहीं हो सका।
ओल्ड ट्रेफर्ड में होना है मुकाबला
भारत–पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच का इंतजार करोड़ों क्रिकेट फैन्स को है। टीम इंडिया को पाकिस्तान की तुलना में काफी मजबूत टीम माना जा रहा है लेकिन दोनों देशों के बीच जब मुकाबला होता है तो कुछ भी संभव है। चैम्पियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान ने भारत को हराया था। यह मैच ओल्ड ट्रेफर्ड, मैनचेस्टर में खेला जाना है। बीबीसी ने मौसम की भविष्यवाणी में कहा है कि रविवार को हल्की बारिश के साथ ही कुछ तेज हवा भी चल सकती है। इसके अलावा बीच–बीच में धूप भी निकलती रहेगी। वहीं, ब्रिटेन के मौसम विभाग ने भी इसी तरह का पूर्वानुमान जारी किया है। एक अन्य वेदर वेबसाइट (Weather.com ) के मुताबिक, सुबह हल्की बारिश होगी। यह दोपहर और इसके बाद रात तक जारी रह सकती है।
भारत-न्यूजीलैंड मैच रद्द
गुरुवार को वर्ल्ड कप का 18वां मुकाबला भारत–न्यूजीलैंड के बीच नॉटिंघम में होना था। ये मैच बारिश के कारण रद्द हो गया। वर्ल्ड कप इतिहास में पहली बार टीम इंडिया के किसी मुकाबले को एक भी गेंद फेंके बिना ही रद्द घोषित किया गया। इससे पहले 1992 वर्ल्ड कप में भारत–श्रीलंका मैच रद्द हुआ था। उस मैच में सिर्फ दो गेंद ही फेंकी गईं थीं।
टीम इंडिया पांच अंक पर पहुंची
मैच रद्द होने से दोनों टीमों को एक–एक मिल गया। भारत के तीन मैच में अब पांच अंक हो गए। वहीं, न्यूजीलैंड के चार मैच में सात हो गए। वह पहले स्थान पर कायम है। वहीं, भारतीय टीम तीसरे स्थान पर है। दूसरे पायदान पर ऑस्ट्रेलिया और चौथे नंबर पर इंग्लैंड की टीम काबिज है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 13 जून को खेले गए मुकाबले में बारिश ने बाधा डाल दी। खबर लिखे जाने तक बारिश नॉटिंघम में बारिश जारी है और टॉस भी नहीं हो सका है। ऐसे में संभावना है कि ये मैच शायद ही पूरा हो सके। ऐसे में विजयरथ पर सवार दोनों टीमों के एक एक अंक बांटने की पूरी संभावना है। ऐसे में यह मौजूदा विश्व कप का चौथा मैच होगा जो बारिश की भेंट चढ़ गया। इससे पहले पाकिस्तान–श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका–वेस्टइंडीज, बांग्लादेश–श्रीलंका के बीच खेले जाने वाले मैच बारिश की भेंट चढ़ गए। विश्व कप के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब इतनी बड़ी संख्या में मैच बारिश की भेंट चढ़ गए।
ऐसे में अब सबकी नजरें मैनचेस्टर में भारत–पाकिस्तान के बीच 16 जून को खेले जाने वाले महा–मुकाबले पर टिक गई हैं। लेकिन इस मैच पर भी बारिश का साया मंडराता दिखाई दे रहा है। बीबीसी की रिपोर्ट्स के अनुसार आज मैनचेस्टर में तापमान 11 डिग्री है और वहां बादल छाए हुए हैं और वहां भी थोड़ी बहुत बूंदा–बांदी हुई है।
14 और 15 तारीख को भी मैनचेस्टर में हलकी बारिश होने की संभावना है। 16 जून रविवार यानी मैच के दिन भी मौसम के हालात मैनचेस्टर में खेल के लिहाज से बहुत अच्छे नहीं रहेंगे। 16 जून को मैनचेस्टर में अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री रहने की संभावना है बीच–बीच में हलकी बारिश भी हो सकती है। वातावरण में नमी 9 से 40 प्रतिशत रहेगी।
मैच से पहले सचिन ने दी चेतावनी, कहा– ‘इन दो गेंदबाजों से बचकर रहे टीम इंडिया‘
मास्टर–ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने भारत–पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले विश्व कप मुकाबले से पहले विराट सेना को चेतावनी दी है। सचिन ने कहा है कि भारतीय टीम को पाकिस्तानी टीम के दो गेंदबाजों से सावधान रहने की जरूरत है क्योंकि वो इस समय शानदार लय में भी हैं और विकेट भी चटका रहे हैं। इसलिए टीम इंडिया को इन दोनों से बचकर रहना होगा।
सचिन ने इंडिया टुडे को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘रोहित और विराट भारत की बल्लेबाजी लाइनअप में 2 अनुभवी खिलाड़ी हैं और पाकिस्तान उन्हें बिना किसी संदेह के जल्दी आउट करने पर ध्यान केंद्रित करेगा क्योंकि अगर ये दोनों जल्दी आउट हो गए, तो पाकिस्तान के लिए खेल खुल जाएगा। आमिर और वहाब रियाज़ निश्चित रूप से शुरुआत में जल्दी विकेट लेने की कोशिश करेंगे। ऐसे में रोहित और विराट को लंबी पारियां खेलने की कोशिश करनी होगी और बाकी टीम को उनके इर्द–गिर्द खेलना होगा।‘
इस दौरान सचिन पाकिस्तानी गेंदबाज मोहम्मद आमिर की तारीफ करना भी नहीं भूले। उन्होंने टीम इंडिया को इस गेंदबाज से सावधान रहने के लिए चेतावनी देते हुए कहा, ‘ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आमिर का पहला स्पेल बहुत ही शानदार था। वो आरोन फिंच के खिलाफ बिल्कुल सटीक लाइन और लेंथ से बॉल कर रहा था। अगर मैं बल्लेबाजी कर रहा हूं, तो मैं उसके खिलाफ डॉट बॉल खेलने की मानसिकता के साथ नहीं जाऊंगा। अगर भारतीय बल्लेबाजों को मौका मिलता है तो मैं उन्हें शॉट्स खेलने और सकारात्मक मानसिकता के साथ खेलने के लिए प्रोत्साहित करूंगा। टीम इंडिया को कुछ अलग करने की जरूरत नहीं है, बस हर विभाग में आक्रामक रहने की जरूरत है।‘
सचिन की इस सलाह के बाद अब ये देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय बल्लेबाज आमिर और रियाज के खिलाफ कैसी रणनीति अपनाते हैं। दोनों टीमें जून को मेनचेस्टर के मैदान पर आमने–सामने होंगी।
