हितेश पंत (नई दिल्ली)
भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। रेलवे स्टेशन, ट्रैक और ट्रेन के कोच को आधुनिक बनाने को लेकर कई खबरें आपने पढ़ी होंगी। अब रेलवे ने महिला यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर दी है। सरकार ने हर एक्सप्रेस और मेल ट्रेनों में महिला यात्रियों के लिए अलग से सीटें आरक्षित करने का फैसला लिया है।
रेल में लंबी यात्रा करने वालों के लिए सबसे बड़ी समस्या टिकट न मिल पाना है। कई रूट पर तो महीने पहले रिजर्वेशन करने पर भी वेटिंग में टिकट मिलता है। सीट न मिलने पर सबसे बड़ी समस्या महिलाओं को होती है। इस समस्या का समाधान निकालते हुए रेलवे ने महिलाओं के लिए सभी ट्रेनों में सीटें आरक्षित कर दी हैं।
ये आरक्षित सीटें हर एक्सप्रेस या मेल ट्रेनों में महिलाओं को दी जाएंगी। रेलवे का कहना है कि रेल में अकेले सफर करने वाली महिलाओं के लिए सभी एक्सप्रेस और मेल ट्रेनों में 6 सीटें आरक्षित होंगी। अगर महिलाएं समूह में सफर कर रही हैं और उनके साथ कोई पुरुष नहीं है तो उन महिलाओं को भी आरक्षित सीटें दी जाएंगी।
इसके अलावा 45 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं और गर्भवती महिलाओं के लिए स्लीपर क्लास की 6 लोवर बर्थ की सीटें आरक्षित होंगी। इसके साथ ही एसी कोच में भी लोवर बर्थ की तीन सीटें 45 साल से ऊपर या गर्भवती महिलाओं के लिए रिजर्व रहेंगी। रेलवे के इस कदम के बाद महिलाओं को ट्रेन में सीट पाने की समस्या कुछ तो जरूर हल होगी।