इलाज और दवाइयों का खर्चा दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। वैसे तो सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज और दवाइयों के दावे होते हैं, लेकिन कई बार जरूरतमंदों को समय पर दवा उपलब्ध न होने के कारण जान पर बन आती है। गरीबों को अकसर ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे लोगों के लिए मेडिकल बाबा मसीहा साबित हो रहे हैं, जो जरुरतमंदों को मुफ्त दवाएं उपलब्ध कराते हैं।
मेडिकल बाबा की बढ़ती उम्र भी उनके इस नेक काम में आड़े नहीं आती है। 80 साल की उम्र में भी वे पूरी लगन के साथ गरीबों की मदद में जुटे हैं। दवा का इंतजाम न कर पाने वाले गरीब की जिंदगी बचाने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा देना ही इन मेडिकल बाबा की विशेषता है। दिल्ली में रहते हुए ओंमकार नाथ शर्मा उर्फ मेडिकल बाबा हर रोज एक झोला लेकर गरीबों के लिए दवाएं एकत्र करने निकल पड़ते हैं। उम्र के इस पड़ाव में भी सड़कों पर घूमते हुए लोगों से उनके यूज में आने वाली दवाएं लेते हैं। लोगों से आग्रह करते हैं कि जो दवा आपके इस्तेमाल की न हो उसे हमें दे दें ताकि ये किसी गरीब के काम आ सके।
पिछले 10 सालों से मेडिकल बाबा इसी तरह से दिल्ली की सड़कों में घूम रहे हैं और गरीबों के लिए दवाएं एकत्र कर रहे हैं। एक बुढ़े आदमी के ऐसे नेक काम को लोग भी पूरा समर्थन देते हैं। जो भी उनकी आवाज सुनता है तो अपनी बिना जरुरत की दवा उन्हें जरुर देता है। सर्दी, गर्मी हो या बरसात हर मौसम में मेडिकल बाबा रोज की तरह सड़कों पर उतरते हैं और दवाएं एकत्र करते हैं।
मेडिकल बाबा कहते हैं कि उनकी बस यही कोशिश रहती है कि कोई भी व्यक्ति दवा के आभाव में जिंदगी की जंग न हारे। अपनी एकत्र की दवाओं को वे उऩ लोगों तक पहुंचाते हैं जिनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब होती है और दवा खरीदने के पैसे नहीं जुटा पाते हैं। गरीबों के हित में मेडिकल बाबा के इस प्रयासों को अब देश के साथ विदेशों से भी मदद मिल रही है। लोग अलग अलग जगह से उन्हें दवा भेजकर गरीबों की मदद कर रहे हैं। मेडिकल बाबा के इस जज्बे को ‘यूथ एक्सप्रेस’ सलाम करता है।
मेडिकल बाबा के इस जज्बे को आप भी सलाम करेंगे


