अब अगर महिलाएं किसी परेशानी में होती हैं तो मोबाइल के एक बटन से पुलिस की मदद ले सकेंगी। मोबाइल कंपनियां जल्द ही फोन में पैनिक बटन की व्यवस्था करने वाली हैं। 26 जनवरी से इसकी टेस्टिंग शुरू होने जा रही है।
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए मोबाइल कंपनियों से इस संदर्भ में बातचीत की थी। मेनका गांधी ने प्रोजेक्ट पर जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश में 26 जनवरी से मोबाइल में पैनिक बटन की टेस्टिंग की जा रही है। यहां इसकी सफलता के बाद अन्य प्रदेशों में भी इसे शुरू किया जाएगा। वैसे केंद्र सरकार ने मोबाइल कंपनियों से जनवरी 2017 तक मोबाइल में पैनिक बटन की व्यवस्था करने को कहा था। सरकार ने आदेश दिया था कि कंपनियां मोबाइल में एक ऐसे बटन की व्यवस्था करें जिसे दबाते ही खतरे का संकेत दिया जा सके या पुलिस से सीधा संपर्क किया जा सके। लेकिन मोबाइल कंपनियों की देरी के कारण अभी तक यह व्यवस्था शुरू नहीं हो पायी। अब इस पायलट प्रोजेक्ट के टेस्टिंग की तैयारी पूरी हो चुकी है और 26 जनवरी को उत्तर प्रदेश से इसे शुरू करने का निर्णय लिया गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही देशभर की महिलाओं को यह व्यवस्था मिलने लगेगी।
