हितेश पंत (नई दिल्ली)
आपके पास भी फेसबुक, व्हॉट्सऐप पर सुबह से ये जानकारी आ रही होगी की अब सारे मोबाइल नंबर 13 डिजिट के होने वाले हैं। कई लोगों के पास तो बकायदा बीएसएनएल का नोटिफिकेशन भी आ रहा होगा जिसपर 13 डिजिट के मोबाइल नंबर की जानकारी होगी। साथ ही ये दावा भी किया जा रहा है कि दिसंबर 2018 तक सभी मोबाइल नंबर 13 डिजिट के हो जाएंगे।
सोशल मीडिया पर बुधवार सुबह से ये खबर वायरल हो रही है कि अब आपका मोबाइल नंबर बदलकर 13 डिजिट का हो जाएगा। फेसबुक, ट्विटर, व्हॉट्सऐप पर ये खबर आग की तरह फैल रही है। इतना ही नहीं कुछ न्यूज वेबसाइट्स भी इस वायरल खबर को चला रहे हैं। खबर में बताया गया है कि 1 जुलाई 2018 के बाद जारी होने वाले सभी मोबाइल नंबर 13 डिजिट के होंगे। इसके साथ खबर में ये भी बताया गया है कि 1 अक्टूबर 2018 से पुराने 10 डिजिट के नंबर को 13 डिजिट में बदलने की प्रक्रिया शुरू होगी जो दिसंबर 2018 तक पूरी हो जाएगी। यानि साल के अंत तक आपका नंबर बदल जाएगा।
इस खबर की तफ्तीश के बाद जो रिपोर्ट सामने आयी है उसके अनुसार ये पूरी तरह से अफवाह है। न तो नए ग्राहकों को 13 डिजिट के नंबर जारी होंगे और न पुराना नंबर बदलकर 13 डिजिट का होगा। बीएसएनएल के वरिष्ठ अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की है कि ग्राहकों के मोबाइल नंबर 13 डिजिट के करने की कोई योजना नहीं है। सभी मोबाइल नंबर पहले की तरह 10 डिजिट के ही रहेंगे।
डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकॉम ने ये फैसला लिया है कि M2M (मशीन टू मशीन) कस्टमर्स के मोबाइल नंबर 13 डिजिट किए जाएंगे। इसके लिए सभी टेलीकॉम ऑपरेटरों को आदेश जारी कर दिए गए हैं। आदेश के अनुसार वर्तमान के M2M (मशीन टू मशीन) कस्टमर्स के नंबर 1 अक्टूबर से 13 डिजिट के नंबर में बदलेंगे और दिसंबर से सभी M2M कस्टमर्स के नंबर 13 डिजिट के कर दिए जाएंगे। इसके अलावा 1 जुलाई से नए M2M नंबर भी 13 डिजिट वाले ही जारी होंगे। सामान्य यूजर्स के नंबर बदलने की कोई योजना नहीं है।
