देश में टेस्ट क्रिकेट को लेकर जल्द नया प्रयोग हो सकता है। बीसीसीआई ने संकेट दिया है कि वो देश में पहले डे एंड नाइट टेस्ट मैच पर फैसला लेगा। अगर बीसीसीआई की हरी झंडी मिल गई तो विश्व की क्रिकेट टीमें भारत में डे-नाइट टेस्ट मैच खेल सकेंगी।
देश में डे-नाइट क्रिकेट मैच का मामला काफी समय से लटका हुआ है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने 2016 में ऐलान किया था कि इसी साल भारत और न्यूजीलैंड के साथ होने वाली टेस्ट मैच सीरीज में डे-नाइट टेस्ट मैच भी खेला जाएगा, लेकिन अभी तक ऐसा नहीं हो सका है। बीसीसीआई अब इस मामले को लेकर गंभीर हो गया है। बीसीसीआई के सचिव अमिताभ चौधरी ने कहा कि देश के पहले डे-नाइट क्रिकेट टेस्ट मैच पर बोर्ड जल्द फैसला लेने वाला है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहला डे-नाइट क्रिकेट टेस्ट मैच 2015 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया था। अब तक दुनिया के आठ देश कुल 9 डे-नाइट क्रिकेट टेस्ट मैच खेल चुके हैं। डे-नाइट टेस्ट मैच गुलाबी गेंद से खेले जाते हैं।
