हितेश पंत (नई दिल्ली)
भारतीय खिलाड़ियों का विदेशी जमीन पर जीत का क्रम लगातार जारी है। इस बार जीत का परचम लहराया रही भारतीय महिला हॉकी टीम। इंडियन टीम ने दक्षित कोरिया के खिलाफ जीत का सिलसिला जारी रखते हुए दूसरे मैच को 3-2 के स्कोर से अपने नाम किया।
भारतीय महिला हॉकी टीम दक्षिण कोरिया दौरे पर पांच मैचों की सीरीज खेलने गई है। सीरीज में टीम इंडिया ने 2-0 से बढ़त बना ली है। मंगलवार को खेले गए दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया ने बेहतरीन शुरूआत की। पहले क्वार्टर के छठे मिनट में पूनम रानी ने फील्ड गोल कर स्कोर बोर्ड में उपस्थिति दर्ज की। कोरियन टीम भी कड़ी टक्कर देने के पूरे प्रयास करती रही। 10वें मिनट में कोरियन टीम ने पैनल्टी कॉर्नर से गोल अपने नाम किया और स्कोर को बराबरी पर ला दिया।
दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच बढ़िया मुकाबला देखने को मिला। भारतीय कप्तान रानी ने 27वें मिनट में टीम के लिए दूसरा गोल किया और स्कोर में बढ़त बना ली। लेकिन 31 वें मिनट में दक्षिण कोरिया ने भी फील्ड गोल से मुकाबला बराबर का बना दिया। 1 मिनट बाद ही भारत की गुरजीत कौर ने टीम के लिए तीसरा गोल कर टीम को फिर बढ़त दिला दी।
इसके बाद मैच पूरा होने तक कोई गोल नहीं हुआ। कोरियन टीम ने गोल दागने की कई कोशिशें की लेकिन इंडियन टीम ने उनकी सारे प्रयास नाकाम कर दिए। आखिर में भारतीय टीम में 3-2 से मुकाबला अपने नाम किया। इससे पहले सोमवार को हुए पहले मैच में टीम इंडिया ने 1-0 से जीत हासिल की थी।
