हितेश पंत (नई दिल्ली)
सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स में अफसर बनाने का बेहतरीन मौका है। सीएपीएफ में असिस्टेंट कमांडेंट पद के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। सीएपीएफ परीक्षा से BSF, ITBP, CISF, SSB, CRPF जैसे केंद्रीय पुलिस संगठनों में अफसर बनने का मौका मिलता है। असिस्टेंट कमांडेंट का पद राज्य पुलिस के डिप्टी एसपी के समकक्ष होता है।
संघ लोक सेवा आयोग ने सीएपीएफ 2018 की भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। सीएपीएफ से इस बार 398 असिस्टेंट कमांडेंट के पदों पर भर्ती की जा रही है। इन पदों में बीएसएफ के 60, सीआरपीएफ के 179, सीआईएसएफ के 84, आईटीबीपी के 46 और एसएसबी के 29 पद शामिल हैं।
इन पदों पर वो ही उम्मीदवार आवेदन कर सकता है जिसने मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री प्राप्त की हो। 20 साल से 25 साल के बीच की उम्र के उम्मीदवार ही आवेदन के पात्र हैं। इसके अलावा उम्मीदवार को सीएपीएफ के मानकों के अनुसार शारीरिक रूप से भी फिट होना जरूरी है।
इन पदों पर चयन लिखित परीक्षा, फिजिकल टेस्ट, इंटरव्यू और मेडिकल टेस्ट में सफल होने के बाद होगा। लिखित परीक्षा दो चरणों में होगी। पहली परीक्षा जनरल एबिलिटी और इंटेलिजेंस की होगी, जिसमें ऑब्जेक्टिव टाइप प्रश्न पूछे जाएंगे। दूसरे चरण में जनरल स्टडीज, निबंध और कॉम्प्रिहेंशन के प्रश्न होंगे। परीक्षा हिन्दी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होगी। यहां सफल उम्मीदवार को फिजिकल टेस्ट और फिर इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।
आवेदन की अंतिम तिथि 21 मई रखी गई है। 21 मई को शाम 6 बजे तक ही ऑनलाइन आवेदन स्वीकार होंगे। जनरल और ओबीसी उम्मीदवार के लिए परीक्षा शुल्क 200 रुपए और एससी-एसीटी के लिए कोई शुल्क नहीं रखा गया है। परीक्षा 12 अगस्त को देश भर के सेंटरों में आयोजित होगी। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट www.upsconline.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।