हितेश पंत (नई दिल्ली)
हॉकी के प्रतिष्ठित अजलन शाह कप के लिए भारतीय टीम का चयन कर लिया गया है। 18 सदस्यीय भारतीय टीम की कमान सरदार सिंह के पास होगी। इस बार टीम में 3 नए खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। अजलन शाह कप का आयोजन 3 से 10 मार्च तक मलेशिया में होगा।
देश के बेहतरीन मिडफील्डर सरदार सिंह पर चयनकर्ताओं ने एक बार फिर भरोसा जताया है। 27वें सुल्तान अजलन शाह कप में वो भारतीय टीम की अगुवाई करेंगे। 3 मार्च से शुरु हो रहे इस टूर्नामेंट में भारत के सामने आस्ट्रेलिया, अर्जेंटीना, इंग्लैंड, आयरलैंड जैसी दिग्गज टीमें होंगी। ये टूर्नामेंट मलेशिया के इपोह में होगा।
भारतीय टीम में इस बार 3 नए खिलाड़ियों को जगह दी गई है। इनमें मनदीप मोरे, सुमित कुमार और शैलानंद लाकड़ा शामिल हैं। टीम इंडिया के मुख्य कोच शूअर्ड मारिन का कहना है कि बीते न्यूजीलैंड दौरे की तरह ही अजलन शाह कप में भी नए खिलाड़ियों को अपना कौशल दिखाने का मौका दिया जा रहा है, ताकि नई प्रतिभाएं सामने आ सकें।
कप्तान सरदार सिंह के लंबे अनुभव का टीम इंडिया को बड़ा फायदा मिलेगा। टीम में सूरज करकेरा और कृष्ण बी पाठक दो गोलकीपर रखे गए हैं। इसके अलावा टीम में वरूण कुमार, दिपसान टर्की, अमित रोहिदास, मनदीप मोरे और नीलम संजीव को बतौर डिफेंडर शामिल किया गया है। मिडफील्डर में एस के उप्पल, सरदार सिंह, सिमरनजीत सिंह और नीलकांत शर्मा का चयन हुआ है। फॉरवर्ड के तौर पर रमनजीत सिंह, तलविंदर सिंह, शैलानंद लाकड़ा, गुरजंत सिंह और सुमित कुमार को जगह मिला है।
