हितेश पंत (नई दिल्ली)
टीचिंग एक प्रोफेशन से पहले समाज के प्रति जिम्मेदारी है। टीचिंग में जहां मान सम्मान भरपूर है, वहीं इसमें सम्मानजनक मानदेय भी मिलता है। इसलिए टीचिंग के प्रति युवाओं में विशेष रुचि होती है। अगर आप टीचिंग में प्रशिक्षित हैं और नौकरी की तलाश कर रहे हैं तो आपके लिए एक बेहतरीन मौका है। केंद्रीय विद्यालय संगठन में शिक्षकों के 5 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती की जा रही है।
केंद्रीय विद्यालय संगठन ने विभिन्न स्तर पर टीचिंग से जुड़े 5193 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इनमें पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (पीजीटी), ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर (टीजीटी), हेड मास्टर और वाइस प्रिंसिपल के पद शामिल हैं। 11 अप्रैल से इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए गए हैं।
वाइस प्रिंसिपल के पद के लिए उम्मीदवार को मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में पोस्ट ग्रेजुएट और बीएड उत्तीर्ण होना जरूरी है। पीजीटी के पदों के लिए संबंधित विषय में ही पोस्ट ग्रेजुएट और साथ में बीएड, टीजीटी के लिए उम्मीदवार के पास ग्रेजुएशन के साथ बीएड की डिग्री होनी चाहिए। हेड मास्टर पद के लिए उम्मीदवार ने प्राइमरी टीचर का कोर्स और पांच साल का अनुभव जरूरी है।
इन पदों पर नियुक्ति लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के अंकों के आधार पर होगी। आवेदन की करने की अंतिम तारीख 25 अप्रैल रखी गई है। चयनित उम्मीदवार को ऑल इंडिया लेवल पर कहीं भी नियुक्ति मिल सकती है। इन पदों पर आवेदन करने के इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट www.kvsangathan.nic.in पर जाकर पूरी जानकारी ले सकते हैं।