हितेश पंत (नई दिल्ली)
अपने देश में हुनर की कोई कमी नहीं है। कुछ अलग करने का जज्बा ही भारतीयों को देश विदेश में अलग पहचान दे रहा है। आज हम आपको ऐसे शख्स के बारे में बताएंगे जिन्होंने लीक से कुछ हटकर करने की चाह में लकड़ी से बाइक तैयार की है। उनकी ये वुडन बाइक जब भी सड़कों पर दौड़ती है तो देखने वाले ताज्जुब करते हैं।
उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर के रहने वाले शांतनु की बाइक देखकर आप भी एक बार उसकी सवारी जरूर करना चाहेंगे। इन्होंने लकड़ी की ऐसी विशेष बाइक तैयार की है, जो शाही सवारी से कम नहीं। बाइक के हैंडल से लेकर बॉडी तक सब लकड़ी का बना है। शांतनु के पिता एक बिजनेसमैन हैं और वो पिता के साथ बिजनेस में हाथ बंटाते हैं।
बाइकिंग का शौक रखने वाले शांतनु कुछ हटकर करना चाहते थे। इसलिए उन्होंने लकड़ी से बाइक तैयार करने की योजना बनाई। इस बाइक में 180 सीसी का इंजन लगा है। इंजन को ठंडा करने के लिए रेडिएटर लगाया गया है। शांतनु ने इसमें स्पोट्स बाइक के रेडियल टायर का उपयोग किया है। शांतनु ने बाइक का नाम वुडी पैशन रखा है।
बाइक 2 सीटर है और 1 लीटर पेट्रोल में 15 किमी का सफर तय कर सकती है। बाइक में शॉकर तो नहीं हैं, लेकिन इसके रेडियल टायर देते हैं। बाइक को तैयार करने में करीब 2.5 लाख खर्च हुए हैं। बाइक का लुक इतना बेहतरीन है कि जो भी इसे देखता है वो इस वुडन बाइक की राइड करने के लिए आतुर हो जाता है।
