हितेश पंत (नई दिल्ली)
पान सिंह तोमर, साहेब बीवी और गुलाम जैसी फिल्में बनाने वाले तिग्मांशु धूलिया अपनी नई फिल्म की तैयारी में जुट गए हैं। उनकी नई फिल्म ‘मिलन टॉकीज’ के लिए तिग्मांशु ने लखनऊ में शूटिंग शुरू कर दी है। फिल्मी कीड़ा प्रोडक्शन इस फिल्म को बना रहा है।
तिग्मांशु धूलिया उम्दा निर्देशक के साथ-साथ बेहतरीन अभिनेता भी हैं। सोमवार को उन्होंने अपनी ऩई फिल्म ‘मिलन टॉकीज’ की शूटिंग लखनऊ से शुरू की। इस फिल्म में अली फजल, श्रद्धा श्रीनाथ, ऋचा सिंहा और दीप राणा जैसे कलाकार काम कर रहे हैं। फिल्मी कीड़ा प्रोडक्शन वाले केपीएस छटवाल फिल्म के प्रोड्यूसर हैं।
फिल्म के पहले दिन की शूटिंग के दौरान तिग्मांशु ने बताया कि ‘मिलन टॉकीज’ की कहानी कुछ हटकर है। हम इस नई कहानी को लोगों तक जल्द से जल्द लाने को उत्सुक हैं। फिल्म के प्रोड्यूसर केपीएस छटवाल कहते हैं कि फिल्म की कहानी बहुत उम्दा प्रेम कहानी पर आधारित है। हम फिल्म में पूरी मेहनत लगा देंगे और इस बात का पूरा यकीन है कि दर्शकों को ये फिल्म जरूर पसंद आएगी।
तिग्मांशु धूलिया जैसे सधे हुए फिल्मकार के साथ काम करते हुए प्रोड्यूसर से लेकर फिल्म के कलाकार तक सब उत्साहित हैं। फिल्म के एक्टर अली फजल ने कहा कि तिग्मांशू सर के साथ काम करना मेरी लाइफ की बड़ी उपलब्धि है। फिल्म की टीम मजबूत है, इसलिए दर्शकों को एक बेहतरीन फिल्म देखने को मिलेगी।