हितेश पंत (नई दिल्ली)
इस बार 12वीं की परीक्षा देने वाले अधिकतर छात्रों के परिणाम घोषित हो चुके हैं। कई राज्यों के शिक्षा बोर्ड ने सीबीएसई से पहले ही रिजल्ट जारी कर दिए। बीती 26 मई को सीबीएसई के 12वीं के परिणाम भी घोषित हो गए। इस बार सीबीएसई में 83 फीसदी छात्र पास हुए हैं। पास हुए छात्रों के लिए अब अगली परीक्षा की घड़ी शुरू हो गई है। अधिकतर छात्रों ने अपनी आगे की पढ़ाई को लेकर रूपरेखा तैयार कर ली होगी। जो छात्र डीयू में एडमिशन लेना चाहते हैं, उनकी मदद के लिए हम यहां कुछ महत्वपूर्ण तारीख बता रहे है।
कॉलेज में एडमिशन का टाइम किसी एग्जाम के तनाव से कम नहीं होता। हाई कट ऑफ और एंट्रेंस में ऊंची पसेंटाइल के चलते टॉप के कॉलेजों में दाखिला थोड़ा मुश्किल रहता है। जो छात्र दिल्ली विश्वविद्यालय में आगे की पढ़ाई करना चाहते हैं, उनके लिए भी ये समय थोड़ा तनाव भरा हो सकता है। डीयू में दाखिले को लेकर आजकल रजिस्ट्रेशन प्रोसेस चल रही है।
डीयू के अधिकतर अंडर ग्रेजुएट कोर्स में एडमिशन 12वीं के नंबरों के आधार पर होता है। कुछ प्रतिष्ठित कॉलेजों की कट ऑफ तो 98-95 परसेंट पर ही पूरी हो जाती है। यहां एडमिशन के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन चल रहे हैं। छात्र डीयू की वेबसाइट पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख 7 जून है।
डीयू में रजिस्ट्रेशन के बाद पहली कट ऑफ लिस्ट 19 जून को जारी होगी। इस लिस्ट में शामिल छात्रों के लिए एडमिशन प्रोसेस 19-21 जून तक चलेगी। डीयू की दूसरी कट ऑफ 25 जून को आएगी। इस कट ऑफ के आधार पर एडमिशन 25-27 जून तक चलेगा। जबकि डीयू की तीसरी कट ऑफ लिस्ट 30 जून को जारी होगी। इसकी एडमिशन प्रोसेस 30 जून से 3 जुलाई तक चलेगी। डीयू की चौथी कट ऑफ 6 जुलाई को घोषित होगी। इसमें 6 से 9 जुलाई तक एडमिशन किए जाएंगे। जबकि पांचवी कट ऑफ 12 जुलाई को आने वाली है। इसमें छात्रों को 12 से 14 जुलाई तक एडमिशन मिलेगा।
एडमिशन लेने वाले छात्र-छात्राएं अपने सभी डॉक्यूमेंट तैयार रखें। एडमिशन प्रोसेस के दौरान हाईस्कूल एग्जाम का सर्टिफिकेट, मार्कशीट, 12वीं की मार्कशीट, कास्ट सर्टिफिकेट और पहचान पत्र जैसे डॉक्यूमेंट जरूरी होते हैं।