जहां हर युवा अपनी एक्टिंग को टिक टॉक के जरिए सोशल मीडिया पर दिखा रहा है। तो वहीं एक-एक करके इस ऐप ने युवाओं के दिमाग पर एक धुंध चढ़ा रखी है कि कोई ना कोई वीडियो बनाना ही है और सोशल मीडिया पर शेयर करना है। बड़ेे सुपरस्टार भी अब टिक-टॉक ऐप पर अपने एक्टिंग वीडियो शेयर करते हैं और लोगों के बीच पॉपुलर होते हैं। लेकिन हम बता दें कि टिक-टॉक यूजर्स के लिए एक बहुत बड़ा झटका लगने वाला है क्योंकि जल्द ही टिक टॉक पर पूरी तरीके से बैन लगने वाला है।
दरअसल भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कथित तौर पर गूगल और एप्पल को अपने ऐप स्टोर से वीडियो शेयर करने वाली चीनी एप्लिकेशन टिक टॉक को हटाने के लिए कहा है। वहीं, इस आदेश से पहले 3 अप्रैल को मद्रास हाई कोर्ट की मदुरै पीठ ने एक आदेश पारित कर सरकार को देश में टिकटोक ऐप डाउनलोड करने पर रोक लगाने का निर्देश दिया था। इसी के बाद सरकार ने अब प्ले स्टोर से इसे जल्द से जल्द हटाने के आदेश दिए हैं। रिपोर्ट की मानें तो टिक टॉक ने सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश को अपमानजनक, भेदभावपूर्ण और मनमाना बताया है और प्रतिबंध पर कोई टिप्पणी नहीं की है। अपने बचाव में, टिक टॉक का कहना है कि इसे उस तरह की सामग्री के लिए उत्तरदायी नहीं ठहराया जा सकता है, जो प्लेटफ़ॉर्म पर थर्ड-पार्टीज अपलोड करती हैं। यह वही तर्क है जो फेसबुक और यूट्यूब द्वारा संबंधित प्लेटफार्मों पर साझा की गई सामग्री का बचाव करते हुए उपयोग किया जाता है।
आपको बता दें कि, टिक-टॉक’ एक सोशल मीडिया ऐप्लिकेशन है जिसके जरिए स्मार्टफोन यूजर छोटे-छोटे वीडियो (15 सेकेंड तक के) बना और शेयर कर सकते हैं। ‘बाइट डान्स’ इसके स्वामित्व वाली कंपनी है जिसने चीन में सितंबर, 2016 में ‘टिक-टॉक’ लॉन्च किया था। साल 2018 में ‘टिक-टॉक’ की लोकप्रियता बहुत तेजी से बढ़ी और अक्टूबर 2018 में ये अमेरिका में सबसे ज्यादा डाउनलोड किया जाने वाला ऐप बन गया। अमेरिका में टिक टॉक पर 40 करोड़ का जुर्माना भी लग चुका है। गूगल प्ले स्टोर पर टिक-टॉक का परिचय ‘Short videos for you’ (आपके लिए छोटे वीडियो) कहकर दिया गया है। प्ले-स्टोर पर टिक-टॉक को परिभाषित कहते हुए लिखा गया है- टिक-टॉक मोबाइल से छोटे-छोटे वीडियो बनाने का कोई साधारण जरिया नहीं है। इसमें कोई बनावटीपन नहीं है, ये रियल है और इसकी कोई सीमाएं नहीं हैं। टिक-टॉक पर आइए और 15 सेकेंड में दुनिया को अपनी कहानी बताइए।
