हितेश पंत (नई दिल्ली)
ज़ख्मी जूतों का हस्पताल चलाने वाले ‘डॉ नरसीराम’ आजकल सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहे हैं। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा नरसीराम की मार्केटिंग टेक्नीक के कायल हो गए हैं। महिंद्रा ने ट्वीट कर कहा कि नरसीराम को आईआईएम जैसे संस्थान में पढ़ाने का मौका मिलना चाहिए।
डॉ नरसीराम नाम से जूते-चप्पल ठीक करने वाले एक शख्स की तस्वीर पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस तस्वीर में उन्होंने अपनी बैठने की जगह पर एक आकर्षक पोस्टर लगा रखा है। जिसमें लिखा है जख्मी जूतों का हस्पताल। उसके साथ अपना नाम डॉ नरसीराम लिखवाया है। किसी अस्पताल की तरह उन्होंने अपने पेशे का विज्ञापन किया है। फ्लायर में लिखा है ओपीडी प्रातः 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक। लंच का समय – दोपहर 1 से 2 बजे तक। फ्लायर के अंत के लिखा है कि हमारे वहां सभी प्रकार के जूते चप्पलों का इलाज जर्मन तकनीक से किया जाता है। ये फ्लायर ही लोगों को खूब आकर्षित कर रहा है। सोशल मीडिया में लोग इसे जमकर शेयर कर रहे हैं।
आनंद महिंद्रा देश के प्रमुख उद्योगपति हैं। वो सोशल मीडिया में काफी एक्टिव रहते हैं। अक्सर वो मजेदार कैप्शन के साथ फोटो शेयर करते रहते हैं। डॉ नरसीराम वाली फोटो भी उन्होंने खास अंदाज में ही शेयर की। फोटो शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन दिया कि इस इंसान को भारतीय प्रबंधन संस्थान में मार्केटिंग पढ़ाने का मौका देना चाहिए।
उनके ट्वीट के बाद फोलोवर्स ने भी उन्हीं के अंदाज में रीप्लाई किया। किसी ने लिखा की ये शख्स अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति लिंडन जॉनसन की याद दिलाता है। जो मजेदार कहानियां सुनाते थे। तो कोई उस इंसान के पोस्टर की जमकर तारीफ कर रहा है।
