हितेश पंत (नई दिल्ली)
टीम इंडिया के कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली लगातार नए रिकॉर्ड अपने नाम कर रहे हैं। इन बार उन्होंने आईपीएल में नया रिकॉर्ड अपने नाम किया है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ शानदार 92 रन बनाने के साथ वो आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। अब तक ये रिकॉर्ड सुरेश रैना के नाम था।
मंगलवार को रॉयल चैंलेजर्स बैंगलुरू और मुंबई इंडियंस के बीच हुए मुकाबले में बैंगलुरू को भले ही हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन टीम के कप्तान विराट कोहली ने आईपीएल में ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज किया। विराट ने इस मैच में 62 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 92 रन बनाए। इन रनों के साथ विराट कोहली आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
इस नए रिकॉर्ड के साथ विराट ने एक और उपलब्धि हासिल की। 92 रनों की पारी के साथ वो आईपीएल के इस सीजन में अब तक के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं। इस सीजन में विराट ने कुल 4 मैच खेले हैं। जिनमें अब तक 201 रन बना लिए हैं। इस सीरीज में विराट ने कुल 19 चौके और 7 छक्के लगाए हैं।
विराट कोहली की शानदार नाबाद पारी और टीम की अच्छी शुरुआत के बाद भी बैंगलुरू की टीम जीत नहीं दर्ज करा पाई। मुंबई की टीम ने जीत के लिए 214 रनों का लक्ष्य दिया, लेकिन बैंगलुरू की टीम 20 ऑवरों में 167 रन ही बना सकी। यही कारण रहा कि नये रिकॉर्ड बनाने के बाद भी विराट कोहली नाखुश दिखे।
विराट कोहली आईपीएल में अब तक कुल 153 मैच खेल चुके हैं। जिसमें उन्होंने 4590 रन बना लिए हैं। इसमें 399 चौके और 164 छक्के शामिल हैं। अभी तक 4558 रनों के साथ सुरेश रैना पहले नंबर पर थे। उन्होंने कुल 163 मैच आईपीएल में खेले हैं। रोहित शर्मा 4345 रनों के साथ तीसरे नंबर पर बने हुए हैं।