हितेश पंत (नई दिल्ली)
बैंकिंग सेक्टर में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए रिजर्व बैंक में जॉब करना एक सपना होता। रिजर्व बैंक उन युवाओं के सपनों को पूरा करने का मौका दे रहा है। आरबीआई में ऑफिसर ग्रेड की नौकरी के लिए नोटिफिकेशन जारी हुआ है। इनमें ऑफिसर ग्रेड-बी, मेडिकल कंसल्टेंट व मेडिकल ऑफिसर के पद शामिल हैं।
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने कुल 166 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। जिसमें ऑफिसर ग्रेड बी जनरल के लिए कुल 127 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अलावा मेडिकल सेवाओं के लिए डीईपीआर के 22 और डीईआईएम के 17 पदों पर भर्ती की जाएगी। सभी पदों के योग्यता और उम्रसीमा अलग हैं।
ऑफिसर ग्रेड बी जनरल के लिए सामान्य स्नातक डिग्री वाले युवा भी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने वाले युवाओं की उम्र 21 से 30 साल के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के लिए सरकारी नियमानुसार उम्र में छूट का प्रावधान किया गया है। इन पदों पर आवेदन के इच्छुक युवा 3 जुलाई से आवेदन कर सकते हैं।
इन पदों पर चयन प्रक्रिया तीन चरणों की होगी। पहले प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन होगा। यहां से योग्य उम्मीदवारों का चयन कर मुख्य परीक्षा में शामिल कराया जाएगा और अंत में इंटरव्यू में सफल उम्मीदवारों का अंतिम चयन होगा। अफिसर ग्रेड बी जनरल की प्रारंभिक परीक्षा 16 अगस्त 2018 और मुख्य परीक्षा 7 सितंबर 2018 को हो सकती है।
इस भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए जनरल और ओबीसी उम्मीदवारों को 850 रुपए फीस, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांगों को 100 रुपए फीस देनी होगी। इन पदों पर आवेदन करने की अंतिम तारीख 23 जुलाई 2018 है।