हितेश पंत (नई दिल्ली)
भारतीय सेना के बेड़े में जल्द अत्याधुनिक अपाचे हेलीकॉप्टर जुड़ने जा रहा है। अमेरिका ने भारत को 6 अपाचे जंगी हेलीकॉप्टर बेचने के समझौते को मंजूरी दे दी है। भारत और अमेरिका के बीच ये डील करीब 930 मिलियन डॉलर की होगी। अपाचे हेलीकॉप्टर अत्याधुनिक तकनीक पर आधारित है, जो जमीनी हमले करने में भी सक्षम है।
एएच 64-ई अपाचे हेलीकॉप्टर को भारतीय सेना में शामिल करने के लिए भारत सरकान ने बीते साल अगस्त में प्रस्ताव मंजूर किया था। इसके बाद से ये प्रस्ताव अमेरिकी संसद में लंबित था। अब अमेरिका से ये जानकारी आयी है कि वहां की संसद ने बिना किसी गतिरोध के इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
इस समझौते को मंजूरी देने के बाद अमेरिका सुरक्षा सहयोग एजेंसी की तरफ से आए बयान में कहा गया है कि एएच 64-ई अपाचे हेलीकॉप्टर सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण के लिए भारत की रक्षात्मक क्षमता को बढ़ाएगा। भारत को सशस्त्र बलों के लिए हेलीकॉप्टर और उपकरण देने के समझौते का समर्थन करने में हमें कोई आपत्ति नहीं है।
एएच 64-ई अपाचे हेलीकॉप्टर के साथ भारत संबंधित उपकरण, स्पेयर पार्ट्स और गोला-बारूद भी खरीदेगा। इस समझौते से भारत की टाटा कंपनी को झटका लग सकता है। टाटा कंपनी बोइंग के साथ मिलकर भारत में अपाचे हेलीकॉप्टर की बॉडी बनाने की तैयारी में थी। लेकिन मंजूर हुए समझौते के तहत अमेरिका पूरे तैयार किए हेलीकॉप्टर ही बेचेगा।
अपाचे हेलीकॉप्टर अमेरिका का सबसे ताकतवर हेलीकॉप्टर माना जाता है। इस हेलीकॉप्टर का वजन 5,165 किलो है और इसमें टर्बोसॉफ्ट इंजन लगा है। इसमें 30 एमएम की तोप लगी है जो 2 मिनट में 1200 गोले दाग सकती है। साथ ही इसमें 70 एमएम के रॉकेट लगाए गए हैं। ये हेलीकॉप्टर कम ऊंचाई में उडकर हवाई हमले के साथ-साथ जमीने हमले भी कर सकता है। ये हेलीकॉप्टर रात के अंधेरे में भी हमला करने में सक्षम है।