हितेश पंत (नई दिल्ली)
करीब महीनेभर से बंद पड़े एटीएम में चूहों ने ऐसा कहर बरपाया कि बैंक को लाखों का चूना लग गया। असम के तिनसुकिया जिले में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एक एटीएम में रखे करीब 12 लाख रुपए के नोट चूहों ने कुतर दिए। ये नोट 2000 रुपए और 500 रुपए के थे। हांलाकि इस घटना के बाद कुछ धनराशि सही सलामत भी बरामद हुई है।
मंगलवार को अपने आप का एक अलग ही मामला सामने आया। जिसमें चूहों ने बैंक को लाखों का नुकसान पहुंचाया हो। असम के तिनसुकिया जिले में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का एक एटीएम बीते 20 मई से खराब पड़ा था। मशीन खराब होने के कारण इसका शटर भी बंद कर दिया गया। करीब महीनेभर तक बैंक ने एटीएम की कोई सुध नहीं ली।
कई दिनों से एटीएम बंद होने के बाद इलाके के लोगों को परेशानी होने लगी तो उन्होंने बैंक में इसकी शिकायत की। बैंक ने शिकायत पर अमल करते हुए एटीएम को ठीक कराने की कार्रवाई की। जब कर्मचारी एटीएम को ठीक करने पहुंचे तो उनकी आंखें खुली की खुली रह गई। एटीएम में रखे 2000 और 500 रुपए के कई नोट चूहों ने कुतर दिए थे।
जानकारी के अनुसार एटीएम की देखरेख करने वाली कपंनी ग्लोबल बिजनेस सोल्यूशंस ने बीते 19 मई को एटीएम में 29 लाख रुपए का कैश डाला था। 20 मई को एटीएम खराब हो गया। बंद एटीएम में चूहों ने 12.38 लाख के नोट कुतर दिए। बैंक ने बताया कि करीब 17 लाख का कैश सही सलामत है।