हितेश पंत (नई दिल्ली)
भारत में स्मार्टफोन का चलन तेजी से बढ़ रहा है। पिछले महीनों में मोबाइल नेटवर्क कंपनियों के बीच मचे प्राइस वॉर के बाद तो जैसे स्मार्टफोन यूजर्स की बाढ़ सी आ गई। मोबाइल कंपनियों ने भी दामों में कटौती कर सामान्य लोगों तक भी स्मार्ट फोन की पहुंच बनाई है। इस साल की पहली तिमाही में जिन कंपनियों ने लोगों तक अपनी छाप छोड़ी है उनमें शियोमी नंबर एक पर है।
4जी स्मार्टफोन फोन मार्केट में शियोमी का जलवा लगातार बना हुआ है। साल की पहली तिमाही में शियोमी ने भारत के करीब 30 फीसदी मार्केट में अपनी हिस्सेदारी पक्की की है। अंतरराष्ट्रीय सर्वेक्षण संस्था मार्केट एनालिस्ट इंटरनेशनल डेटा कॉर्पोरेशन (आईडीसी) की रिपोर्ट में ये बात सामने आई है। देश के स्मार्टफोन मार्केट में दूसरी सबसे बड़ी हिस्सेदारी सैमसंग की है। सैमसंग ने 25.1 फीसदी मार्केट में इस तिमाही में कब्जा किया है।
मौजूदा आंकड़ों के अनुसार भारत में 4जी फीचर फोन की मांग हर तिमाही करीब 50 फीसदी की दर से बढ़ रही है। पिछले साल की आखरी तिमाही में ये बढ़ोतरी कुछ खास नहीं रही लेकिन इस साल स्मार्टफोन मार्केट फिर गुलजार हुआ है। आईडीसी के अनुसार भारत के स्मार्टफोन मार्केट में हर साल 11 फीसदी की दर से बढ़ोतरी हो रही है।
शियोमी के प्रति स्मार्टफोन लेने वाले लोगों का भरोसा लगातार बढ़ता जा रहा है। शियोमी की ऑनलाइन बिक्री 32 फीसदी से बढ़कर 53 फीसदी हो गई है। शियोमी के हर मॉडल को लोगों का भरपूर समर्थन मिला है, इस वजह से शियोमी की अभी भी जबरदस्त डिमांड है। स्मार्टफोन मार्केट में सैमसंग की सालाना वृद्धि दर स्थिर रही है, इस कारण सैमसंग यहां दूसरे नंबर है।
साल की पहली तिमाही में ओप्पो स्मार्टफोन मार्केट में तीसरे नंबर पर आ गया है। बिक्री में जबरदस्त गिरावट के कारण वीनो चौथे नंबर पर पहुंच गया है। 4जी फीचर फोन के मामले में रिलाइंस जियोफोन 38.4 फीसदी हिस्सेदारी के साथ पहले नंबर है।