अंडर-19 वर्ल्ड कप में आज भारतीय अंडर-19 टीम का मुकाबला जापान अंडर-19 टीम से है। भारतीय टीम ने टॉस जीतकर जापान को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया और पूरी टीम को 41 रनों पर समेट दिया। आज यानी मंगलवार 21 जनवरी को भारतीय टीम अपना दूसरा मैच खेल रही थी। आपको बता दें कि भारतीय टीम पूर्व चैम्पियन रह चुकी है। वहीं जापान की टीम तुलनात्मक रूप से कमजोर नजर आ रही थी, परंतु भारतीय टीम ने जबरदस्त तरीके से खेल दिखाया और पूरी टीम को मात्र 41 रनों पर समेट दिया।
आधे मैच के ओवर भी नहीं खेल सकी जापान की टीम
जापान अंडर-19 टीम 22.5 ओवर में 41 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। अंडर-19 वर्ल्ड कप में ये संयुक्त रूप से किसी भी टीम द्वारा बनाया गया सबसे कम स्कोर है। भारत की ओर से रवि बिश्नोई ने जबर्दस्त गेंदबाजी करते हुए 8 ओवर में तीन मेडन ओवर डालकर महज पांच रन दिए और चार विकेट झटके।
जापान अंडर-19 क्रिकेट टीम की हालत इतनी खस्ता थी कि पांच बल्लेबाज तो खाता भी नहीं खोल सके। जापान की ओर से शू नोगुची और केंटो ओटा डोबेल ने 7-7 रनों की पारी खेली और दोनों बेस्ट स्कोरर रहे। कप्तान मार्कस थुरगाटे 1 रन बनाकर आउट हुए। इसके अलावा मैक्स क्लेमेंट्स ने पांच रनों की पारी खेली।
इस मैच में भारतीय टीम के कप्तान प्रियम गर्ग ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। रवि बिश्नोई, कार्तिक त्यागी और आकाश सिंह ने कप्तान के फैसले को सही साबित किया और जापान की पूरी टीम 22.5 ओवर में सिर्फ 41 रन ही बना पाई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 4.5 ओवर में बिना विकेट गंवाए 42 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
अंडर-19 वर्ल्ड कप : रवि बने मैन ऑफ द मैच
भारत की ओर इस मैच में रवि बिश्नोई ने 5 रन देकर 4 विकेट लिए। वे मैन ऑफ द मैच भी चुने गए। उन्होंने लगातार दो ओवरों में 2-2 विकेट लिए। दोनों ही ओवरों में उन्होंने लगातार 2 गेंदों पर विकेट लिए, लेकिन हैट्रिक से नहीं बना पाए। खास यह है कि रवि ने ये दोनों ही ओवर मेडन भी फेंके थे।
रवि के अलावा कार्तिक ने 10 रन देकर 3 विकेट झटके। आकाश सिंह ने 11 रन देकर 2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। वहीं विद्याधर पाटिल भी 8 रन देकर एक विकेट लेने में सफल रहे। जापान का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं पार कर पाया। उसके 5 बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाए। उसके 41 में से 19 रन एक्स्ट्रा से आए। भारत की ओर से यशस्वी जायसवाल ने 5 चौके और एक छक्के की मदद से 18 गेंद में 29 रन बनाए। वहीं, दूसरे ओपनर कुमार कुशाग्र ने 11 गेंद पर 2 चौके की मदद से 13 रन बनाए।
