टीम इंडिया के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत आज (4 अक्टूबर) अपना 22वां जन्मदिन मना रहे हैं। उत्तराखंड में जन्में पंत भले ही साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट का हिस्सा नहीं हैं लेकिन उनकी प्रतिभा का हर कोई कायल है। उनके खेलने का निर्भीक अंदाज काफी अलग नजर आता है, जिसके बदौलत उन्होंने अपने छोटे से कैरियर में कई अनोखे रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं।। दिल्ली के लिए घरेलू क्रिकेट में खेलने वाले ऋषभ पंत का इंटरनैशनल क्रिकेट तक पहुंचने का सफर काफी दिलचस्प और संघर्षों से भरा है।
Wishing the ever smiling @RishabhPant17 a very Happy Birthday 🎂🎂
Here's to many more smiles on and off the field 😃 #TeamIndia pic.twitter.com/yCpHENCJrz— BCCI (@BCCI) October 3, 2019
ऋषभ की बैटिंग करने की स्टाइल और आक्रामक अंदाज उन्हें दूसरे विकेटकीपर्स से अलग करता है. पंत को इंटरनेशनल क्रिकेट में आगाज किए उन्हें बहुत कम वक्त बीता है। इतने कम समय में उन्होंने क्रिकेट में एक अलग मुकाम हासिल करने की कोशिश की है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर और सलामी बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट को अपना आइडियल मानने वाले ऋषभ पंत उनके ही अंदाज में खेलना पसंद करते हैं।
ऋषभ पंत के कुछ रोचक रिकॉर्ड
टी20 क्रिकेट में भारत की तरफ सबसे तेज सेंचुरी लगाने का रिकॉर्ड भी ऋषभ पंत के नाम दर्ज है। हिमाचल प्रदेश के खिलाफ खेलते हुए महज 32 गेंदों पर उन्होंने अपना शतक लगाया। ये टी20 क्रिकेट में लगाई गई दूसरे सबसे तेज सेंचुरी थी। वैसे टी20 क्रिकेट में सबसे तेज शतक पूरा करने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है। गेल ने 30 गेंदों पर टी20 क्रिकेट में शतक पूरा किया है।
धोनी को छोड़ा था पीछे
युवा खिलाड़ी ऋषभ पंत को टीम इंडिया में दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी का उत्तराधिकारी माना जा रहा है लेकिन हाल में उन्होंने वर्ल्ड कप विजेता कैप्टन को एक आंकड़े में पीछे छोड़ा था। पंत टेस्ट क्रिकेट में 50 बल्लेबाजों को सबसे तेजी से आउट करने वाले भारतीय विकेटकीपर बने। अपनी इस उपलब्धि के साथ उन्होंने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को पछाड़ा। पंत वेस्ट इंडीज के खिलाफ टेस्ट मैच में अपनी 11वीं टेस्ट पारी में करियर का 50वां टेस्ट शिकार हासिल किया। धोनी ने 15 टेस्ट में यह आंकड़ा छुआ था। पिछले साल दिसंबर में उन्होंने एक टेस्ट में किसी विकेटकीपर के सर्वाधिक कैच का विश्व रेकॉर्ड भी बनाया था, जब एडिलेड में उन्होंने 11 ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के कैच लपके।
ऋषभ पंत का रणजी में कमाल
पंत का नाम याद आते ही साल 2016-17 का रणजी सत्र याद आता है। दिल्ली की तरफ से खेलते हुए उन्होंने जो कुछ महाराष्ट्र के खिलाफ वो आज तक महाराष्ट्र के बॉलर्स नहीं भूले होंगे। पंत ने इस मैच में 326 गेंदों पर ताबड़तोड़ 308 रन बनाए। पंत रणजी ट्रॉफी में सबसे कम उम्र में तिहरा शतक लगाने वाले भारत के पहले बल्लेबाज हैं। इसके अलावा पंत के नाम रणजी ट्रॉफी में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। इसी साल झारखंड के खिलाफ खेलते हुए उन्होंने महज 48 गेंदों में शतक पूरा किया था।
ऋषभ पंत का कैरियर
ऋषभ पंत ने अभी तक 11 टेस्ट, 12 वनडे इंटरनैशनल और 20 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। उन्होंने टेस्ट में 754 रन, टी20 इंटरनैशनल फॉर्मेट में 325 और वनडे में 22.90 की ऐवरेज से 229 रन बनाए हैं।