विश्व कप से पहले भारत के लिए अग्नि परीक्षा। देखें भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 सालों का हिसाब किताब

विश्व कप
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शनिवार से पांच मैचों की वनडे सीरीज शुरू हो रही है, जिसका पहला मैच राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। यह सीरीज भारत के लिए काफी अहम है, क्योंकि 30 मई से इंग्लैंड में शुरू हो रहे वनडे विश्व कप से पहले यह भारत की आखिरी सीरीज है और इस सीरीज में टीम का प्रदर्शन, चयन काफी कुछ निर्भर करता है। एक लिहाज से यह भारत की विश्व कप से पहले अग्नि परीक्षा है। क्रिकेट के महाकुंभ के लिए भारतीय टीम लगभग तय है, लेकिन कुछ स्थानों को लेकर अभी भी पशोपेश बना हुआ है। इस सीरीज में इन्हीं जगहों पर चयनकर्ताओं का ध्यान होगा।
              कम से कम 4 खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखा जाएगा और अच्छा प्रदर्शन सुनिश्चित करेगा कि उन्हें वर्ल्ड कप टीम में प्रवेश मिलेगा या नहीं। लोकेश राहुल, ऋषभ पंत, विजय शंकर और सिद्धार्थ कौल ये चार खिलाड़ी हैं जो ब्रिटेन जाने वाली 15 सदस्यीय टीम में 2 उपलब्ध स्थान के लिए जद्दोजहद करेंगे। हालांकि कइयों का मानना है कि दिनेश कार्तिक को भी टीम में जगह बनाने के मौके से बाहर नहीं किया जा सकता और वो भी इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर निगाह लगाए होंगे। लेकिन इन 4 खिलाड़ियों के लिए ये पांच मैच ‘परीक्षा की घड़ी’ होंगे और अंतिम एकादश में शामिल किए जाने के बाद वे अपना सर्वश्रेष्ठ करना चाहेंगे। राहुल ने दो टी20 में 50 और 47 रन की पारी खेली, वह अच्छी लय में हैं और शीर्ष क्रम में उन्हें और मौके मिलने की उम्मीद है। यह बल्लेबाज रिजर्व सलामी बल्लेबाज के स्थान को कब्जाना चाहता है और कौन जानता है, अगर शिखर धवन की अनिरंतर फॉर्म जारी रहती है तो वह टीम में स्थान पक्का कर सकते हैं।
                    पहले वनडे मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग XI –
              भारतीय सलामी बल्लेबाजों रोहित शर्मा और शिखर धवन दोनों को टी20 में, एक-एक मैच में आराम दिया गया था। वनडे सीरीज में दोनों ही बल्लेबाज एक साथ पारी की शुरुआत करेंगे।रोहित शर्मा का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घर मे प्रदर्शन शानदार रहा है। विश्वकप से पहले की अंतिम सीरीज में भी रोहित इसे जारी रखना चाहेंगे वहीं दूसरी तरफ शिखर धवन हाल ही में अपनी फार्म से जूझते नजर आए हैं, वह अपनी लय तलाशने के इरादे से मैदान में उतरेंगे।

भारतीय टीम आमतौर पर शीर्ष तीन बल्लेबाजों पर निर्भर करती है। इस कमजोरी से निपटने के लिए भारतीय कोच रवि शास्त्री ने संकेत दिया कि कोहली चौथे नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं। भारत विश्वकप के दौरान यह प्रयोग नहीं कर सकता है। राहुल ने पिछले दो टी 20 मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया है, उन्हें यहाँ पर उन्हें अवसर मिलने की संभावना है।अगर राहुल तीन पर बल्लेबाजी करते हैं तो हम कोहली को चौथे नंबर पर देख सकते हैं। इससे भारत को मध्य क्रम में और मजबूती मिलेगी। हालाँकि यह सिर्फ एक प्रयोग होगा, अगर यह काम नहीं करता है तो हम भारतीय कप्तान को विश्व कप में उनके बल्लेबाजी क्रम पर वापस देखेंगे। इससे पहले कोहली ने चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 37 पारियों में 58.13 की औसत से सात शतक बनाए हैं। विराट कोहली के क्रम में परिवर्तन से कोहली के प्रदर्शन पर फर्क नहीं पड़ेगा।
अंबाती रायडू पांचवें नंबर पर खेल सकते हैं । रायडू ने आखिरी एकदिवसीय मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच विनिंग 90 रन बनाए थे। उन्होंने ये रन उस परिस्थिति में बनाये थे जब भारत का स्कोर 18/4 था। धोनी छठे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में शानदार एकदिवसीय श्रृंखला खेली थी। उनका अनुभव विश्व कप में भारत के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है।
हार्दिक पांड्या को चोट के कारण बाहर रखा गया है। उनके तीन सप्ताह में फिट होने की उम्मीद है। इसलिए भारत के पास उनके विकल्प के तौर पर विजय शंकरऔर रविंद्र जडेजा उपलब्ध हैं। भारतीय टीम विजय शंकर के लिए जा सकती है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतिम टी 20 में गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया। भारत उन्हें एक हिटर के रूप में आजमा सकता है। उनका उपयोग टीम की परिस्थिति के हिसाब से किसी भी क्रम में बल्लेबाजी के लिए किया जा सकता है।
भुवनेश्वर कुमार पहले दो वनडे में नहीं हैं। कुलदीप यादव की टीम में वापसी तय है। वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत का ट्रम्प कार्ड साबित होंगे। इसके आलावा युजवेंद्र चहल भी टीम में शामिल हो सकते हैं।जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी मुख्य तेज गेंदबाजों की भूमिका निभाएंगे। बुमराह आराम के बाद वापसी कर रहे हैं जबकि मोहम्मद शमी ने न्यूज़ीलैंड में अच्छा प्रदर्शन किया था। शमी विश्वकप से पहले अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित करना चाहेंगे।

Somya Bhardwaj

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

IND vs SA Head To Head in T20’S IPL 2022: STAT TRACKER