भारत और इंग्लैंड के बीच टी-20 सीरीज के बाद अब वनडे सीरीज का आगाज होने जा रहा है। सीरीज का पहला मुकाबला 6 फरवरी गुरुवार को नागपुर के विदर्भ क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पांच मैचों की टी-20 सीरीज में भारत ने इंग्लैंड को 4-1 से रौंदा था। अब भारत चैंपियंस ट्रॉफी से पहले वनडे सीरीज में इंग्लैंड को हराकर मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल करना चाहेगा। अब जानेंगे कि इस मैच में भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन कैसी हो सकती है।
एकदिवसीय मैचों में भारतीय टीम का टॉप ऑर्डर पहले से ही फिक्स है। कप्तान रोहित शर्मा और युवा स्टार शुभमन गिल पारी की शुरुआत करते दिखेंगे। इसके बाद तीन नंबर पर विराट कोहली का खेलना तय है। विराट ने साल 2023 में खेले गए वनडे विश्वकप में शानदार प्रदर्शन किया था। चैंपियंस ट्रॉफी से पहले अपनी फॉर्म दिखाने के लिए विराट के पास अच्छा मौका है। इसके बाद चार नंबर पर श्रेयस अय्यर की जगह भी फिक्स है।
बता दें कि, इस सीरीज के लिए जब टीम का एलान किया गया था तो कप्तान रोहित शर्मा और चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने साफ कर दिया था कि विकेटकीपर के तौर पर केएल राहुल ही पहली पसंद होंगे। ऐसे में ऋषभ पंत टीम का हिस्सा जरूर हैं, लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह मिलना मुश्किल दिख रहा है। इसके साथ ही स्पिन ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर और चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव भी बेंच पर बैठे दिख सकते हैं।
हार्दिक निभाएंगे तीसरे गेंदबाज की भूमिका
इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में भारतीय टीम मैनेजमेंट अर्शदीप सिंह और मोहम्मद शमी पर तेज गेंदबाजी विभाग की जिम्मेदारी सौंप सकता है। बाकी इन दोनों तेज गेंदबाज का साथ देने के लिए हार्दिक पांड्या भी टीम में रहेंगे। इसके अलावा स्पिन विभाग में रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल के साथ वरुण चक्रवर्ती को मौका मिलने की पूरी उम्मीद है। इस मिस्ट्री स्पिनर को आखिरी वक्त में वनडे टीम में शामिल किया गया है। वरुण चक्रवर्ती ने अंग्रेजों के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में सबसे ज्यादा 14 विकेट झटके थे।
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन…
रोहित शर्मा (C), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (WK), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद शमी।