हितेश पंत (नई दिल्ली)
सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की परीक्षा के परिणाम जारी हो चुके हैं। जिन छात्रों को इन परीक्षाओं में कंपार्टमेंट मिली हो उनको बोर्ड प्रदर्शन सुधारने का एक मौका और दे रहा है। कंपार्टमेंट एग्जाम के लिए बोर्ड ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। जो छात्र कंपार्टमेंट देना चाहते हैं वो इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड हर साल छात्रों को अपने नंबर सुधारने के लिए कंपार्टमेंट परीक्षा आयोजित करता है। बोर्ड 10वीं के छात्रों को 2 विषयों में कंपार्टमेंट की सुविधा देता है और 12वीं के छात्र एक ही विषय में कंपार्टमेंट दे सकते हैं। जिन भी छात्रों की बोर्ड एग्जाम में कंपार्टमेंट आयी है वो 21 जून से पहले रजिस्ट्रेशन करके कंपार्टमेंट एग्जाम दे सकते हैं।
बोर्ड परीक्षा के जो छात्र अपने नंबर में सुधार करना चाहते हैं वे कंपार्टमेंट के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। बोर्ड एग्जाम में कंपार्टमेंट पाए छात्र यहां अच्छा प्रदर्शन कर अपना एक साल बचा सकेंगे। सीबीएसई की 10वीं परीक्षा में इस बार 1,86,067 छात्र-छात्राओं को कंपार्टमेंट मिली तो 12वीं में 91,818 छात्र-छात्राओं की कंपार्टमेंट आयी है।
ये सभी छात्र-छात्राएं सीबीएसई की वेबसाइट www.cbse.nic.in पर जाकर कंपार्टमेंट एग्जाम के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। एग्जाम डेट से पहले बोर्ड इसी वेबसाइट पर एडमिट कार्ड भी जारी करेगा। यहां से एडमिड कार्ड डाउनलोड कर छात्र-छात्राएं निर्धारित एग्जाम सेंटर में कंपार्टमेंट एग्जाम दे सकेंगे।