हम देखते है कि दुनियाभर में बहुत से लोग ऐसे होते है जिन्हे अक्सर स्ट्रीट फूड का सेवन करना ज्यादा अच्छा लगता है। तो अगर आपको स्ट्रीट फूड खाने का शौक है तो आज हम बताने जा रहे है कि कैसे आप घर पर इंदौरी पोहा बना सकते है। जो खाने में बहुत ही स्वादिष्ट होते है। आइये जानते है इसकी विधि।
पोहा के लिए चाहिए ये सामग्री
- पोहा – 2 कप
- प्याज (कटा हुआ) – 1
- मिर्ची (कटी हुई) – 4 से 5
- अनार दाने – 1/2 कटोरी
- चीनी – 1 छोटा चम्मच
- राई दाना – 1 छोटा चम्मच
- सौंफ – 1 छोटा चम्मच
- हल्दी – 1/2 छोटा चम्मच
- हरा धनिया – स्वादानुसार
- खड़ा धनिया – 1 छोटा चम्मच
- मटर दाने – 1/2 कटोरी
- तेल – 2 बड़े चम्मच
- नींबू – 1
- कड़ी पत्ता – 12-15 पत्तियां
- नमक स्वादानुसार
इस विधि से बनाएं
सबसे पहले इंदौरी पोहा तैयार करने के लिए सबसे पहले कच्चे पोहे को 2 से 3 बार साफ पानी से अच्छी तरह से धोएं। अब इसके बाद इसे छलनी में रख दें और अब कड़ाही में मध्यम आंच पर तेल गरम करें। तेल अच्छे से गरम हो जाए तो उसमें राई, खड़ा धनिया, कड़ी पत्ता, सौंफ और हींग डालकर तड़का लगाएं।
गुलाबी होने तक भूंने प्लाज
इस दौरान जब राई चटकने लगे तो कड़ाही में मटर, हरी मिर्च और प्याज डालकर तब तक भूंने जब तक प्याज गुलाबी न हो जाए। इसी बीच छलनी में रखे हुए पोहे में ऊपर से हल्दी पाउडर, नमक, चीनी डालें और अच्छे से मिला लें। इसके बाद पोहा को कड़ाही में डाल दें और करछी से उसे अच्छी तरह से मिलाएं। अब कड़ाही को एक प्लेट से 2-3 मिनट के लिए ढंक दें और मध्यम आंच पर पकने दें।
इस तरह पोहे को सजाएं
इसके बाद पोहे को हल्का नरम करने के लिए थोड़ा पानी छिड़क दें। अब गैस बंद करने के बाद पोहे को अगले एक मिनट तक ढ़ंका रहने दें। तो लीजिये आपका इंदौरी पोहा तैयार हो चुका है। अंत में आप इसमें कटा हुआ प्याज, सेंव, कटा हुआ हरा धनिया, अनार दाने, नींबू डालकर सर्व करें। आपको इसका मजा ठंड के दिनों में ज्यादा मिलेगा।