भारतीय क्रिकेट टीम और पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के बीच मुकाबलों को लेकर दुनिया भर में लोग उत्साहित होते हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव की वजह से भारत में पाकिस्तान के साथ कोई भी मुकाबला नहीं खेला जाता है। भारत और पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के मुकाबले अब सिर्फ एक ही मंच पर हो पाते हैं वो है क्रिकेट विश्व कप, जहां दस देशों में भारत और पाकिस्तान की टीम भी शामिल है। बात करें तो इन दिनों भारत में इंडियन प्रीमियर लीग जारी है और इसी बीच अगले माह में इंग्लैंड में होने वाले क्रिकेट के महाकुंभ आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2019 के लिए विश्व के सभी लोग बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं।
आगामी क्रिकेट विश्व कप के पूर्व एक आख़िरी अंतरराष्ट्रीय वनडे सीरीज़ इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच खेली जानी है जिसके लिए पाकिस्तान की टीम सोमवार को ही इंग्लैंड के लिए रवाना हो गई है। इंग्लैंड के लिए रवानगी से पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान सरफ़राज़ अहमद ने मीडिया से बातचीत के दौरान भारत के विषय में कई बाते की। सरफ़राज़ अहमद ने कहा कि आईसीसी क्रिकेट विश्व कप में जब हमारा मैच भारत से होगा तो उस दौरान पाकिस्तान का पलड़ा भारी होगा क्योंकि एक बड़े टूर्नामेंट में पाक ने भारत को हराया है। उनका इशारा 2017 के आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में मिली जीत की ओर था। उन्होंने इस बात पर ज़ोर देते हुए कहा कि उनकी टीम विश्व कप में भारत का सामना उसी तरह करेगी जिस तरह से वह बाक़ी टीमों का करेगी।
आईसीसी वर्ल्ड कप 2019 में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला 16 जून को होना तय हुआ है। पाकिस्तान टीम के कप्तान सरफ़राज़ अहमद ने इस मैच से पहले भारतीय टीम को चेतावानी देते हुए कहा है कि हमारी टीम के लिए आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2019 में सारे 9 मुक़ाबले बहुत महत्वपूर्ण होंगे पर हम प्रत्येक मैच इस तरह खेलेंगे मानो हम भारत के ख़िलाफ़ खेल रहे हों। आईसीसी क्रिकेट विश्व कप के लिए बीसीसीआई ने 15 अप्रैल 2019 को 15 सदस्यों वाली भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। इस टीम का चयन अस्थाई है इस टीम में बदलाव भी किया जा सकता है। इस टूर्नामेंट की शुरुआत मई माह के आख़िर में होगा। जिसका पहला मैच इंग्लैंड और दक्षिण अफ़्रीका के बीच लंदन के ओवल में खेला जाएगा। भारत का पहला मैच दक्षिण अफ़्रीका के साथ पांच जून को होगा।

