हितेश पंत (नई दिल्ली)
पुरानी कहावत है कि कोई काम छोटा या बड़ा नहीं होता। अगर हम अपने काम को लगन से करें तो सफलता अवश्य मिलती है। इस बात को सही साबित किया है नवनाथ येवले ने। नवनाथ चाय बेचकर हर महीने 12 लाख की कमाई कर रहे हैं। इसके साथ ही वो कई लोगों को रोजगार भी दे रहे हैं।
नवनाथ येवले पुणे के रहने वाले हैं और यहीं चार बेचकर लाखों की कमाई करते हैं। उन्होंने येवले टी हाउस नाम से चाय का व्यवसाय की शुरूआत की। अपने देश में चाय के चाहने वाले हर जगह हैं। सुबह की शुरुआत से लेकर शाम को घर पहुंचने तक चाय से लोगों का जुड़ाव लगातार बना रहता है। इसी के चलते नवनाथ को चाय के बिजनेस का आयडिया सूझा।
नवनाथ येवले ने चाय पर जानकारी जुटाना शुरू किया। इस दौरान उन्होंने पाया की पुणे शहर में चाय को लेकर कोई ऐसा ब्रांड नहीं है जो लोगों के बीच पॉपुलर हो। 2011 में उन्होंने चाय के बिजनेस की ब्रांडिंग करने का मन बनाया और पुणे में येवले टी स्टॉल की शुरुवात की। काम छोटा जरूर था लेकिन येवले की सोच बड़ी थी।
बिजनेस की शुरूआत से पहले येवले ने चाय पर पूरी स्टडी की थी। इसलिए उनकी चाय का स्वाद लोगों की जुबान पर चढ़ गया। येवले टी स्टॉल पर चाय पीने वालों की भीड़ लगने लगी। धीरे धीरे ये टी स्टॉल पूरे शहर में प्रसिद्ध हो गया। दूर के लोग भी येवले के टी स्टॉल पर चाय पीने आने लगे।
आज नवनाथ येवले के पुणे में 3 टी स्टॉल हैं। वो हर रोज 3 से 4 हजार कप चाय बेचते हैं। अपने इस व्यवसाय से येवले 3 दर्जन लोगों को रोजगार भी दे रहे हैं। उसका बिजनेस लगाता बढ़ता जा रहा है। अपने इस व्यवसाय से येवले हर महीने 12 लाख रुपए से ज्यादा की कमाई कर रहे हैं। अब वे येवले टी स्टॉल को इंटरनेशनल ब्रांड के रूप में स्थापित करने जा रहे हैं।
