भारतीय युवा क्रिकेटरों ने पाकिस्तान को एक बार फिर धूल चटा दी। भारत ने अंडर 19 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 203 रनों से शिकस्त दी है। वर्ल्ड कप खिताब जीतने के लिए अब फाइनल में भारत का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा।
न्यूजीलैंड में खेले जा रहे अंडर 19 क्रिकेट वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल मुकाबला आज सुबह क्राइस्टचर्च में खेला गया। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ऑवर में 9 विकेट पर 272 रन बनाए। कप्तान पृथ्वी शॉ और मनजोत कालरा ने टीम को मजबूत शुरुआत दी। ऑपनर बल्लेबाजों की इस जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 89 रनों की साझेदारी निभाई। भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाए शुभमान गिल ने। उन्होंने 94 बॉलों में शतक बनाते हुए 102 रन भारतीय पारी के लिए जोड़े। मीडिल ऑर्डर के बल्लेबाजों ने गिल का पूरा साथ दिया और भारत के लिए 272 रनों का बड़ा स्कोर बनाया।
इसके बाद मैच जिताने की जिम्मेदारी भारतीय गेंदबाजों पर आ गई। गेंदबाज भी सभी की उम्मीदों पर पूरी तरह से खरा उतरे। तेज गेंदबाज ईशान पोरेल ने पाकिस्तान के शुरूवाती 4 विकेट लेकर उसका आधार ही तोड़ दिया। बाकी का काम स्पिनर शिवा सिंह और रेयान ने पूरा किया। दोनों ने पाकिस्तान के 2-2 बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। भारतीय गेंदबाजों के आगे पाकिस्तान की पूरी टीम बेबस दिखी और सिर्फ 69 रनों पर पूरी पाकिस्तानी टीम ने घुटने टेक दिए। भारत ने 203 रनों से मैच जीतकर फाइनल का टिकट पक्का किया।
वर्ल्ड कप फाइनल में भारत का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होना है। 3 फरवरी को ये मैच सुबह 6.30 बजे से खेला जाएगा। भारतीय टीम 3 बार की अंडर 19 वर्ल्ड कप विजेता रही है। इस टूर्नामेंट में भी टीम का प्रदर्शन बेहद लाजवाब रहा है। अभी तक टीम कोई भी मैच नहीं हारी है। ऐसे में भारत के वर्ल्ड कप खिताब जीतने की संभावनाएं काफी ज्यादा हैं।
भारतीय युवाओं के आगे नहीं टिक पाए पाकिस्तानी क्रिकेटर, मिली करारी हार