भारतीय इंजीनियरों ने एक बार फिर अपनी काबिलियत की मिसाल पेश की है। इंडियन रेलवे के इंजीनियर्स ने रेलवे ट्रैक पर मजह सात घंटों में नया पुल बनाकर पूरे देश की शाबाशी हासिल की। इस पुल से ट्रेनें तेज स्पीड में भी गुजर सकेंगी।
यूपी में नजीबाबाद – मुरादाबाद के बीच बुंदकी स्टेशन के पास 100 साल से ज्यादा पुराने पुल की जगह नया पुल महज सात घंटों में बनाकर रेलवे ने नया कीर्तिमान बनाया। पुराने पुल के कारण यहां ट्रेनों की स्पीड काफी हल्की हो जाती थी। पिछले कुछ समय से ट्रेनों के लेट होने की समस्या भी सामने आ रही थी। व्यस्त ट्रेक होने के कारण कम समय में नया पुल बनाना किसी चुनौती से कम न था। 3 दिसंबर को रेलवे की तकनीकी टीम ने सुबह 9.35 बजे पुराने पुल को तोड़ने का काम शुरू किया। 1.24 बजे तक ये काम निपटाने के बाद दोपहर करीब 3 बजे फैब्रिकेटिंग मैटेरियल के पुल का ढांचा तैयार कर लिया। इसके बाद शाम 5 बजे से पहले नए पुल पर रेलवे लाइन डालने का काम भी पूरा कर दिया। इस तरह महज 7 घंटे में रेलवे ने नया पुल बनाकर अपनी काबिलियत का लोहा मनवा लिया। नए पुल से शाम 5.40 बजे देहरादून से इलाहाबाद जाने वाली लिंक एक्सप्रेस ट्रेन को कम स्पीड में गुजारा गया। अब इस ट्रेक पर तेज गति से ट्रेने गुजरने लगी है। रेलवे के अनुसार इस पुल से ट्रेनें 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकती हैं।
