हितेश पंत (नई दिल्ली)
मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस 2018 का आगाज हो चुका है। इसमें टेक्नोलॉजी कंपनियां स्मार्टफोन के कई मॉडल्स लेकर आयी हैं। एचएमडी ग्लोबल के स्वामित्व वाली नोकिया ने नोकिया 7 प्लस स्मार्टफोन लॉन्च किया है। ये स्मार्टफोन एन्ड्रोइड वन पर काम करता है और कई लेटेस्ट तकनीक से लैस है। अप्रैल से ये भारत के बाजारों में उपलब्ध हो जाएगा।
टेक्नोलॉजी के इस मेले में दिग्गज कंपनियां अपने आने वाले मॉडल पेश कर रही हैं। नोकिया ने भी अपने 6 मॉडल यहां लॉन्च किए हैं। जिनमें से नोकिया 7 प्लस भी एक है। इसमें डुअल कैमरा दिया गया है। एक लेंस f/1.75 अपर्चर और 12 मेगापिक्सल लैंस के साथ है और दूसरा लैंस 13 मेगापिक्सल और f/2.6 अपर्चर के साथ है। इसके साथ ही 16 मेगा पिकस्ल का फ्रंट कैमरा भी मोबाइल में है।
नोकिया 7 प्लस में 18:9 ऐस्पेक्ट रेश्यो के साथ 6 इंच की फुल एचडी स्क्रीन दी गई है। मोबाइल में 4 जीबी रैम और 64 जीबी की इंटरनल मेमोरी है। जिसे 256 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है। परफोर्मेंस के मामले में ये मोबाइल बेहतर माना जा सकता है, क्योंकि इसमें ऑक्टा कोर क्वॉल्कॉम स्नैपड्रैगन 660 प्रोसेसर दिया गया है।
मोबाइल में 3800mAh की बैटरी दी गई है। जिसमें फास्ट चार्जिंग का फीचर मौजूद है। कंपनी के मुताबिक नोकिया 7 प्लस को फुल चार्ज करने पर स्टैंडबाई बैकअप 723 घंटे और 19 घंटे का टॉक टाइम मिलेगा। अप्रैल से ये स्मार्टफोन भारतीय बाजारों में उपलब्ध होगा। लेकिन अभी इसकी कीमत तय नहीं की गई हैं।