दिल्ली – एनसीआर के लोगों को ट्रांसपोर्ट की समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए एक हाईटैक परियोजना की शुरुवात होने वाली है। केंद्र सरकार दिल्ली के अंदर और दिल्ली से गुड़गांव के लिए पॉड टैक्सी सेवा की शुरूवात करने जा रही है।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए दिल्ली को मैट्रो के बाद एक और सौगात मिलने जा रही है। केंद्र सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट पर्सनल रैपिड ट्रांजिट यानी पॉड टैक्सी सर्विस का सपना जल्द साकार होने वाला है। पॉड टैक्सी आधुनिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट सर्विस है। इसमें फीडर बस या टैक्सी की तरह ऑटोमेटेड इलैक्ट्रिक कार की सेवा ली जाती है। इस टैक्सी में छोटे-छोटे ग्रुप में लोग यात्रा कर सकते हैं। यह देश की पहली पॉड टैक्सी सेवा होगी। केंद्र सरकार ने इस परियोजना के लिए नई बोलियां आमंत्रित की है। 4000 करोड़ की इस योजना के लिए जल्द टैंडर भी जारी हो जाएगा। सरकार के अनुसार इस परियोजना से दिल्ली गुड़गांव में लगने वाले जाम से लोगों को निजात मिलेगी। पहली पॉड टैक्सी सर्विस दिल्ली से गुड़गांव के राजीव चौक के बीच शुरू की जाएगी। इस परियोजना को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप के आधार पर शुरू किया जा रहा है।