हितेश पंत (नई दिल्ली)
बारवीं के एक टॉपर छात्र को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसा सरप्राइज दिया जो उसके लिए हमेशा यादगार बन गया। पीएम ने आईएससी बोर्ड के टॉपर छात्र साक्षी को एक ट्विट किया और उन्हें सफलता के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। पीएम के ट्विट के बाद से साक्षी और उनके परिजन काफी खुश हैं।
साक्षी प्रद्युम्न लखनऊ के रहने वाले हैं। उन्होंने इस साल आईएससी बोर्ड से 12वीं की परीक्षा में पहला स्थान प्राप्त किया है। इस परीक्षा में साक्षी को 99.5 फीसदी अंक मिले हैं। साक्षी को गणित, फिजिक्स, कैमिस्ट्री और कम्प्यूटर साइंस में 100 नंबर, हिंदी में 99 नंबर और अंग्रेजी में 98 नंबर हासिल किए हैं।
दरअसल आईएससी बोर्ड में सबसे ज्यादा नंबर लाने का श्रेय साक्षी ने प्रधानमंत्री मोदी को दिया था। परीक्षा परिणाम आने के बाद साक्षी ने पीएम को एक पत्र भेजा, जिसमें बोर्ड एग्जाम शुरू होने से पहले पीएम द्वारा लिखी गई एग्जाम वॉरियर्स किताब की जमकर तारीफ की गई थी। साक्षी ने लिखा कि उनकी सफलता के पीछे एग्जाम वॉरियर्स किताब का महत्वपूर्ण योगदान है।
इस पत्र के बाद पीएम ने साक्षी के को ट्विटर के माध्यम से रिप्लाई किया। पीएम ने आईएससी बोर्ड में सफलता के लिए साक्षी को बधाई और शुभकामनाएं दी। पीएम ने लिखा कि आपके बेहतरीन पत्र के लिए धन्यवाद। मुझे खुशी है कि एग्जाम वॉरियर्स किताब आपकी परीक्षा की तैयारी में काफी मददगार साबित हुई।
पीएम मोदी ने बोर्ड एग्जाम शुरू होने से पहले छात्रों में से परीक्षा का डर दूर करने के लिए एग्जाम वॉरियर्स किताब लिखी थी। किताब में परीक्षा का तनाव व नर्वसनेस दूर करने और टाइम मैनेजमेंट को बखूबी बताया गया है। एग्जाम में अच्छे नंबर लाने के भी टिप्स किताब में दिए हैं।