हितेश पंत (नई दिल्ली)
लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए उत्तर प्रदेश में नौकरी का अच्छा मौका है। यूपी लोक सेवा आयोग ने प्रोविंशियल सिविल सर्विसेज के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस बार कुल 831 पदों पर नियुक्ति दी जाएगी। आयोग इस बार समय पर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी में है।
यूपी लोक सेवा आयोग ने पीसीएस परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिया है। इस परीक्षा से इस बार 119 सब डिविजनल मजिस्ट्रेट और 100 डिप्टी सुप्रीमटेंडेट ऑफ पुलिस के पदों के अलावा अन्य विभागों में अधिकारी ग्रेड पर नियुक्ति की जाएगी। ये भर्तियां कंबाइंड स्टेट अपर सबऑर्डिनेट एग्जाम 2018 के तहत होगी।
यूपीपीएससी ने इस बार एक नए विषय को परीक्षा के लिए शामिल किया है। ये मेडिकल साइंस का होगा। पीसीएस परीक्षा की प्री परीक्षा में ही इस बार यूपी लोक सेवा आयोग असिस्टेंट कंजरवेटर ऑफ फोरेस्ट की परीक्षा को भी जोड़ा गया है। हांलाकि दोनों की मेंस परीक्षा और इंटरव्यू अलग-अलग आयोजित होगें। इस बार एक प्रश्न का गलत उत्तर देने पर 1/3 अंक काट लिए जाएंगे।
इन परीक्षाओं में शामिल होने के लिए उम्मीदवार को मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना जरूरी है। 21 से 40 साल तक के युवा इन परीक्षाओं में आवेदन कर सकते हैं। इस परीक्षा में आवेदन की अंतिम तारीख 2 अगस्त 2018 है। 6 अगस्त तक उम्मीदवार परीक्षा की फीस ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।
यूपी लोक सेवा आयोग इस बार 19 अगस्त 2018 को प्री परीक्षा आयोजित करने की तैयारी कर रहा है। इच्छुक उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.uppsc.up.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।