हितेश पंत (नई दिल्ली)
बाबा रामदेव की स्वामित्व वाली कंपनी पतंजलि अपने कारोबार को लगातार फैलाते जा रही है। खाद्य पदार्थों की बिक्री के बाद कुछ समय पहले पतंजलि ने मोबाइल सिम और व्हाट्सऐप ऐप लाने का ऐलान किया था। अब पतंजलि कपड़ों के कारोबार में उतरने जा रहा है। भारतीय संस्कृति के परिधानों से लेकर यहां जींस-शर्ट जैसे रेडिमेट गारमेंट्स भी उपलब्ध होंगे।
पतंजलि इस साल के अंत तक कपड़ों के बिक्री के लिए परिधान नाम से एक ब्रांड लॉन्च करने जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार परिधान ब्रांड से पतंजलि करीब 3000 उत्पाद लॉन्च करेगा। ये सभी उत्पाद स्वदेशी होंगे। परिधान के तरह बिकने वाले सभी कपड़ों का डिजायन भारतीय संस्कृति के अनुरूप ही होगा।
परिधान में बिकने वाले उत्पादों में भारतीय संस्कृति से जुड़े कपड़े, चादरें, योग से जुड़ें परिधानों के साथ स्पोर्ट्स वेयर की भी बिक्री होगी। पतंजलि के स्टोर में बिकने वाले कपड़ों में जींस भी होगी। परिधान ब्रांड पुरुषों व महिलाओं दोनों के लिए जींस बेचेगा। लेकिन ये जींस मल्टीनेशनल कंपनियों की जींस से अलग होगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पतंजलि जींस का डिजायन और स्टाइल दोनों भारतीय संस्कृति के अनुसार ही होगा। पतंजलि ऐसी जींस तैयार कराएगा जो अन्य जींस की तरह कसी हुई न हो।
पतंजलि अपने परिधान ब्रांड के उत्पादों को बेचने के लिए शुरुआती तौर पर देशभर में करीब 100 स्टोर खोलेगा। परिधान के लिए पतंजलि ने कर्मचारियों की नियुक्ति भी कर ली है। ये टीम नोएडा से कंपनी के काम की योजना बना रही है। पतंजलि का दावा है कि उसके उत्पाद भारतीय संस्कृति को किसी भी प्रकार की ठेस नहीं पहुंचाएंगे।