उत्तर प्रदेश में सेमीकंडक्टर उद्योग को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास राज्य का पहला सेमीकंडक्टर पार्क (Semiconductor Park) विकसित किया जाएगा। इसके लिए सेक्टर-28 में 48 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। इस परियोजना को वामा सुंदरी इन्वेस्टमेंट (HCL) और ताइवान की कंपनी फॉक्सकॉन ज्वाइंट वेंचर के तहत विकसित करने की योजना है। खास बात यह है कि प्रस्तावित पार्क जेवर एयरपोर्ट से महज 4 किलोमीटर की दूरी पर होगा।
सेक्टर-28 में 48 एकड़ जमीन का आवंटन
यमुना अथॉरिटी के सीईओ डॉ. अरुण वीर सिंह ने वामा सुंदरी इन्वेस्टमेंट (HCL) के सीएफओ और कंपनी सचिव पवन कुमार दानवार को सेक्टर-28 में 48 एकड़ जमीन के आवंटन का सहमति पत्र और लेआउट प्लान सौंपा है। इस पार्क में सेमीकंडक्टर डिस्प्ले ड्राइवर इंटीग्रेटेड सर्किट (IC) और आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली से जुड़ा काम किया जाएगा।
परियोजना के पूरा होने के बाद करीब 15,000 लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इससे जेवर और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
3,000 करोड़ रुपये के निवेश की तैयारी
इस सेमीकंडक्टर परियोजना में करीब 3,000 करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान है। इससे पहले वामा सुंदरी इन्वेस्टमेंट (HCL) ने मई 2024 में सेक्टर-10 में 50 एकड़ जमीन पर सेमीकंडक्टर इकाई स्थापित करने का प्रस्ताव प्रदेश सरकार को दिया था। इसके बाद यमुना अथॉरिटी ने कंपनी को जमीन आवंटन पत्र जारी किया था।
अब फॉक्सकॉन के साथ मिलकर सेक्टर-28 में पार्क विकसित करने की योजना आगे बढ़ाई जा रही है। इसके लिए अथॉरिटी ने जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर किसानों को मुआवजा भी दिया है। जानकारी के मुताबिक, 10,000 से अधिक किसानों को मुआवजा दिया जा चुका है।
सेमीकंडक्टर कंपनियों को मिलेंगी कई सुविधाएं
उत्तर प्रदेश सरकार सेमीकंडक्टर उद्योग में निवेश आकर्षित करने के लिए कई तरह की रियायतें दे रही है। इनमें 75 प्रतिशत तक भूमि सब्सिडी, पूंजीगत और ब्याज सब्सिडी, बिजली शुल्क में छूट, SGST में राहत और पानी की उपलब्धता जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
सरकार की इस पहल से उत्तर प्रदेश में सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलने और राज्य को इलेक्ट्रॉनिक्स एवं चिप निर्माण के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की उम्मीद है।