हितेश पंत (नई दिल्ली)
खेल के मैदान में भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान को धूल चटाई है। छह देशों की कबड्डी मास्टर्स प्रतियोगिता में भारत ने पाकिस्तान को हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। इससे पहले भी इसी प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में भारत ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी थी।
दुबई के अल अस्ल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रही कबड्डी मास्टर्स प्रतियोगिता में विश्व चैंपियन भारत का का रुतबा जारी है। प्रतियोगिता के ग्रुप ए में भारत के साथ हुए दूसरे मुकाबले में भी पाकिस्तान को मुंह की खानी पड़ी। सोमवार को हुए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान 41-17 के बड़े अंतर से हरा दिया।
मुकाबले में भारतीय टीम शुरू से ही पाकिस्तान पर हावी दिखी। भारतीय टीम के कप्तान अजय ठाकुर और शशांक देवदिगा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6-6 अंक जोड़े। मैच का पहला हाफ पाकिस्तान के लिए भारी साबित हुआ। उनके कप्तान नासिर अली चोट के कारण मैदान से बाहर हो गए। फर्स्ट हाफ में भारत 18-9 से आगे था। पाकिस्तान के कप्तान दूसरे हाफ में वापस तो आए लेकिन टीम फिर भी कोई कमाल नहीं कर सकी।
भारत की इस मुकाबले में ये लगातार तीसरी जीत है। प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में भारत ने पाकिस्तान को 36-20 के अंतर से मात दी थी। इसके बाद भारत और केन्या के बीच हुए मैच को भी भारत ने 48-19 के बड़े स्कोर से जीत। भारत का अगला मुकाबला मंगलवार को केन्या के साथ होगा। इस मुकाबले से पहले ही भारत की सेमीफाइनल में जगह पक्की हो गई है।
भारत के अलावा ईरान भी प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। ईरान ने सोमवार को हुए मुकाबले में दक्षिण कोरिया को 31-27 के अंतर से मात दी। ईरान ने भी अपने ग्रुप से सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। ईरान कबड्डी विश्व चैंपियनशिप की उपविजेता टीम है।