हितेश पंत (नई दिल्ली)
साउथ अफ्रीका के पूर्व प्रमुख खिलाड़ी गैरी कर्स्टन क्रिकेट में नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का एक शानदार मौका दे रहें हैं। गैरी भारत से ऐसे प्रतिभावान खिलाड़ियों की खोज करने निकले हैं जिन्हें वे अपनी एकेडमी में ट्रेनिंग देंगे। क्रिकेट के कुछ विशेषज्ञों के साथ मिलकर गैरी आने वाले दिनों में देश के अलग-अलग शहरों से बेहतरीन खिलाड़ियों को चुनेंगे।
गैरी कर्स्टन 2011 में उस वक्त भारतीय टीम के कोच रहे, जब भारतीय टीम ने वर्ल्ड कप अपने नाम किया था। इस कारण भी भारत के साथ गैरी का खास लगाव है। अब वे भारत से क्रिकेट में उभरती प्रतिभाओं को ढूंढने निकले हैं। चयनित खिलाड़ियों को स्कॉलरशिप के साथ गैरी की एकेडमी में क्रिकेट के गुर सीखने का मौका मिलेगा।
गैरी कर्स्टन क्रिकेट के कुछ अन्य विशेषज्ञों के साथ देश के छह शहरों पुणे, दिल्ली, मुम्बई, बैंगलुरु, चेन्नई और जयपुर में क्रिकेट ट्रायल कर रहे हैं। 23 अप्रैल से शुरू हुआ ये ट्रायल 18 मई तक सभी 6 शहरों में होगा। गैरी की टीम हर शहर से शीर्ष के 6 खिलाड़ियों का चयन करेगी। इन सभी खिलाड़ियों को पुणे में होने वाले फाइनल ट्रायल के लिए बुलाया जाएगा। यहीं से अंतिम 3 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा जिन्हें गैरी की एकेडमी में ट्रेनिंग मिलेगी।
मुंबई में ये ट्रायल 23 और 24 अप्रैल को मुंबई पुलिस जिमखाना में हो रहा है। बैंगलुरु में 28 व 29 अप्रैल, पुणे में 2 व 3 मई, चेन्नई में 14 व 15 मई और जयपुर में 17 व 18 मई को ट्रायल आयोजित होगा। दिल्ली में गैरी की टीम 10 और 11 मई को ट्रायल करने जा रहा है। ट्रायल में आवेदन करने के लिए अपना नाम, शहर का नाम और कॉन्टेट डिटेल लिखकर 9112295566 नंबर पर व्हॉट्सएप कर दीजिए। यहां से आपको आवेदन के लिए लिंक मिलेगा। फॉर्म भरकर आपको वहीं सब्मिट करना होगा। इसके बाद गैरी की टीम आपसे संपर्क कर आपके ट्रायल की पूरी जानकारी देगी।